आबकारी अधिकारी और ड्रग इंस्पेक्टर को कलेक्टर की फटकार; अफसरों से पूछा “क्या किसी ने कार्रवाई देखी, सुनी या पढ़ी है?” अगली बैठक में अगस्त का पूरा हिसाब लेकर आएं

रतलाम में नारकोटिक्स रोकथाम की समीक्षा बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने आबकारी विभाग और ड्रग इंस्पेक्टर को रोज प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। लापरवाही पर कड़ा असंतोष जताते हुए अगस्त की कार्रवाई का पूरा रिकॉर्ड मांगा।

आबकारी अधिकारी और ड्रग इंस्पेक्टर को कलेक्टर की फटकार; अफसरों से पूछा “क्या किसी ने कार्रवाई देखी, सुनी या पढ़ी है?” अगली बैठक में अगस्त का पूरा हिसाब लेकर आएं
नारकोटिक्स मामलों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने आबकारी अधिकारी और ड्रग इंस्पेक्टर को लिया आड़े हाथ।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने आबकारी विभाग और ड्रग इंस्पेक्टर को फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों से जब पूछा कि- क्या किसी ने इन विभागों की कार्रवाई देखी, सुनी या पढ़ी है?” तो सब एक-दूसरे का मुंह ताकते नजर आए। कोई जवाब नहीं मिलने पर कलेक्टर ने असंतोष जताते हुए साफ कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई सिर्फ कागजों में नहीं, रोज जमीन पर दिखाई देनी चाहिए। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Google NewsFollow Us

जिले में नारकोटिक्स एवं अन्य नशीले पदार्थों की रोकथाम तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर अजय कटेसरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया था। इसमें एसपी अमित कुमार, अपर कलेक्टर बृजेंद्र कुमार रावत, एएसपी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कलेक्टर अजय कटेसरिया ने आबकारी विभाग एवं ड्रग इंस्पेक्टर की कार्रवाई पर कड़ा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों की कार्रवाई प्रभावी भी हो और लगातार दिखाई भी देनी चाहिए। वर्तमान में कार्रवाई यदि हो भी रही है तो उसका असर जनता के बीच नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने बैठक में मौजूद अधिकारियों से सीधा सवाल किया- क्या किसी ने इन विभागों की कार्रवाई होते हुए देखी है, किसी ने सुना है या कहीं पढ़ा है?” इस सवाल पर बैठक में कोई भी अधिकारी जवाब नहीं दे सका।

इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि ऐसी स्थिति स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि प्रतिदिन सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और उसका प्रभाव भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी।

ये भी पढ़ें

ड्रग इंस्पेक्टर से अगस्त की हर कार्रवाई का पूरा रिकॉर्ड तलब

कलेक्टर ने ड्रग इंस्पेक्टर को निर्देश दिए कि अगस्त माह के दौरान विभाग द्वारा की गई सभी कार्रवाई का विस्तृत विवरण तत्काल प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि अगली समीक्षा बैठक में सबसे पहले इसी विषय पर चर्चा होगी। उस बैठक में यह स्पष्ट रूप से बताया जाएगा कि कितनी कार्रवाई की गई और उन कार्रवाई के क्या परिणाम रहे। कलेक्टर ने आबकारी विभाग को भी निर्देश दिए कि अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ये भी पढ़ें

हॉटस्पॉट पर लगातार निगरानी, कानूनी प्रावधानों के तहत सख्ती

कलेक्टर अजय कटेसरिया ने पुलिस एवं संबंधित विभागों को मादक पदार्थों की तस्करी के हॉटस्पॉट क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफेमा अधिनियम सहित उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा नशीले पदार्थों की तस्करी पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए।

कलेक्टर ने स्कूलों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि आरटीओ के माध्यम से बसों में नशामुक्ति संबंधी फ्लेक्स एवं बैनर लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नशे के दुष्प्रभावों का संदेश पहुंच सके।

ये भी पढ़ें