दुनिया को अलविदा कह आसमान का तारा बन गईं स्वर सम्राज्ञी लताजी, राजकीय सम्मान के साथ हुई अंतिम विदाई, भाई हृदयनाथ मंगेशकर ने दी मुखाग्नि

स्वर कोकिला हमारी लता दीदी आज हमें अलविदा कह कर आसमान का तारा बन गईं। भारत रत्न लता दीदी का अंतिम संस्कार देर शाम मुंबई के शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ हुआ। उन्हें भाई हृदयनाथ मंगेशकर ने मुखाग्नि दी।

दुनिया को अलविदा कह आसमान का तारा बन गईं स्वर सम्राज्ञी लताजी, राजकीय सम्मान के साथ हुई अंतिम विदाई, भाई हृदयनाथ मंगेशकर ने दी मुखाग्नि
दुनिया को अलविदा कह कर आसमान का तारा हो गईं स्वर कोकिला लाता जी। नमन।

एसीएन टाइम्स @ मुंबई । भारत रत्न स्वर कोकिला, स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर की पार्थिव देह पंचतत्व में विलीन हो गई। उनका रविवार देर शाम मुंबई के शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मंत्रोच्चार के बीच भाई हृदयनाथ मंगेशकर ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के अलावा जल, थल और वायु सेना के अधिकारी, नेता-राजनेता, बॉलीवुड और स्पोर्ट्स से जुड़ी बड़ी हस्तियां मौजूद थीं।

रविवार को इस सदी की बड़ी क्षति का समाचार मिलते ही देशवासी स्तब्ध रह गए। खबर थी भारत रत्न लाता दीदी के धरती से अलविदा होकर आसमान का तारा बन जाने की। यानी उनके दुखद निधन की। लता मंगेशकर का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उनका 8 जनवरी को कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया था। उन्हें निमोनिया भी हो गया था। अस्पताल की ओर से उनके लिए सबसे अच्छे डॉक्टरों की टीम लगाई गई थी। उनकी अस्वस्थता के बाद से ही लोग उनकी लंबी उम्र की दुआएं कर रहे थे। स्वास्थ्य में सुधार भी हुआ लेकिन शनिवार को पुनः वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। 

डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद 92 की उम्र में लता जी ने रविवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। यकीन ही नहीं हुआ कि उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। दोपहर करीब 1 बजे उनका पार्थिव शरीर एंबुलेंस के जरिए ब्रीच कैंडी अस्पताल से उनके निवास 'प्रभुकुंज' के लिए रवाना हुआ। इस दौरान पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त बंदोबस्त किए गए थे। प्रभकुंज में परिवार और प्रमुख हस्तियों ने अंतिम दर्शन किए। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शिवाजी पार्क ले जाने के लिए तिरंगे में लिपटा लता जी का पार्थिव शरीर सुसज्जित ट्रक में रखा गया। 

शिवाजी पार्क से 12 साल बाद हुई किसी हस्ती की अंतिम विदाई

विभिन्न मार्गों से होते हुए शाम करीब पौने छह बजे पार्थिव शरीर शिवाजी पार्क पहुंचा। जहां करीब सात बजे राजकीय सम्मान के बीच भाई संगीतकार हृदयनाथ मंगेशकर ने उन्हें मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी। अंत‍िम संस्कार के लिए उनकी बहन और प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले समेत पूरा पर‍िवार पहुंचा था। लताजी की अंतिम यात्रा को देखने भारी जनसमुदाय उमड़ा। बता दें कि नवंबर 2012 के बाद यह पहला अवसर था जब किसी हस्ती की अंतिम विदाई शिवाजी पार्क से हुई। इससे पूर्व 18 नवंबर 2012 को बाला साहेब ठाकरे को यहां से अंतिम विदाई दी गई थी।

पीएम मोदी ने पुष्पांजलि अर्पित की, परिक्रमा भी की, बोले- यह खालीपन कभी नहीं भरा जा सकेगा

अंतिम संस्कार से पहले अंतिम दर्शन के लिए लता मंगेशकर का पार्थिव शरीर कुछ समय के लिए श‍िवाजी पार्क में रखा गया। यहां लताजी के अंतिम दर्शन करने के लिए राजनीतिक, फिल्मी सहित विभिन्न क्षेत्रों की अनेक बड़ी हस्तियां पहुंचीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं पहुंचे और लताजी के पार्थ‍िव शरीर पर पुष्पांजल‍ि अर्प‍ित कर परिक्रमा भी की। इससे पूर्व पीएम मोदी ने लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, "लता दीदी के गानों ने कई तरह के इमोशन्स को उभारा। उन्होंने दशकों तक भारतीय फिल्म जगत के बदलावों को करीब से देखा। फिल्मों से परे, वह हमेशा भारत के विकास के बारे में भावुक थीं। वह हमेशा एक मजबूत और विकसित भारत देखना चाहती थी।" पीएम ने कहा कि- 'आज का दिन बहुत दुखद है। इस खालीपन को कभी भरा नहीं जा सकता। लता दीदी देश में खालीपन छोड़ गई। आने वाली पीढ़ी उन्हें हमेशा याद रखेगी।'

सचिन तेंडुलकर अस्पताल तो अमिताभ बच्चन लता जी के घर पहुंचे

लताजी को श्रद्धांजलि देने और अंतिम दर्शन करने वालों का तांता लगा रहा है। निधन की खबर मिलते ही मशहूर क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे और लाताजी के दर्शन किए। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन मुंबई स्थित उनके आवास 'प्रभुकुंज' पहुंचे। मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने भी अंतिम दर्शन किए। प्रभकुंज पहुंचने वाले स्लेब्स में श्रद्धा कपूर, अनुपम खेर, भाग्यश्री, फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर, सुपरस्टार शाहरुख खान और सिंगर शंकर महादेवन सहित अन्य शामिल हैं। अनुपम खेर ने लता मंगेशकर की प्यारी याद में ट्विटर पर एक इमोशनल नोट भी लिखा। बॉलीवुड के तमाम दिग्गज सेलेब्रिटी उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अक्षय कुमार, भूमि पेडनेकर और दिया मिर्जा जैसे सेलेब्स ने ट्वीट करके शोक जताया है।

नेपाल की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने जताया शोक, दिनभर चला श्रद्धांजलि का दौर

नेपाल की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने नेपाली भाषा में ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, "कई नेपाली गीतों को अपनी सुरीली आवाज से सजा चुकीं प्रसिद्ध भारतीय गायिका लता मंगेशकर के निधन की खबर से दुखी हूं। असाधारण प्रतिभा की धनी स्वर्गीय लता मंगेशकर को मैं भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं।"

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "मैं 'स्वर कोकिला' भारत रत्न लता मंगेशकर जी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करता हूं। उनके गीतों ने दुनिया भर के लोगों को भाषा की बाधाओं को तोड़ते हुए भारत से जोड़ा। उनका निधन पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है।" 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, मैं खुद को सौभाग्यशाली समझता हूं कि समय-समय पर मुझे लता दीदी का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता रहा। अपने अतुलनीय देशप्रेम, मधुर वाणी और सौम्यता से वो सदैव हमारे बीच रहेंगी। उनके परिजनों व असंख्य प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि आज मैं मुंबई आया था और दुख भरा समाचार सुना। संगीत की दुनिया में उनके योगदान को कोई भुला नहीं सकता। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनका जाना अत्यंत दुखद है। कला जगत को अपूर्णीय क्षति हुई है। 

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने - शोक जताया। उन्होंने कहा, "आज एक युग का अंत हो गया। लता जी हमेशा पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगी।" राहुल गांधी ने भी शोक जताया। उन्होंने लिखा, "लता मंगेशकर जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त किया। वह कई दशकों तक भारत की सबसे प्रिय आवाज बनी रहीं। उनकी सुनहरी आवाज अमर है और उनके प्रशंसकों के दिलों में गूंजती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।"

शिवसेना सांसद संजय राउत ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी कि महान गायिका लता मंगेशकर का निधन हो गया है। डॉक्टरों ने इससे पहले शनिवार को जानकारी दी थी कि लता मंगेशकर को स्वास्थ्य स्थिर होने के बाद वेंटिलेटर से आईसीयू शिफ्ट किया गया था लेकिन अचानक बीते रोज उनकी सेहत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें फिर वेंटिलेटर पर रखा गया था। रविवार सुबह उन्होंने अस्पताल में ही आखिरी सांस ली। राउत ने कहा- लता मंगेशकर हमेशा अमर रहेंगी।

गीत-संगीत की दुनिया के फनकारों ने भी जताया दुख, बताया बड़ी क्षति

पद्म भूषण उस्ताद राशिद खान ने कहा- लता मंगेशकर भारत की शान हैं। उनके निधन से मुझे और पूरे देश को गहरा सदमा पहुंचा है। मैं प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले। हम उन्हें हमेशा याद रखेंगे; उनकी जगह कोई नहीं ले सकता।

संगीतकार एआर रहमान ने भी लता जी के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा- हमारे लिए दुखद दिन है। लता जी कोई सिर्फ एक आइकन ही नहीं हैं, वह भारत के संगीत और कविता का एक हिस्सा हैं; यह शून्यता सदा बनी रहेगी। मैं लता दीदी को याद करते हुए जागता था और प्रेरित हो जाता था; कुछ गाने रिकॉर्ड करने और उनके साथ गाने के लिए मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं। वहीं अभिनेता धर्मेंद्र बोले- लता मंगेशकर के निधन पर पूरी दुनिया दुखी है।