रतलाम में हत्या । 23 वर्षीय युवक पर अज्ञात लोगों ने किया चाकुओं से हमला, इलाज के दौरान अस्पताल में हो गई मौत

रतलाम में अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। शहर में बुधवार शाम को अज्ञात लोगों ने चाकुओं से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी।

May 29, 2024 - 23:14
 0
रतलाम में हत्या । 23 वर्षीय युवक पर अज्ञात लोगों ने किया चाकुओं से हमला, इलाज के दौरान अस्पताल में हो गई मौत
रतलाम में युवक की हत्या।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर के सिलावटों का वास निवासी 23 वर्षीय एक युवक की अज्ञात लोगों ने चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। इस घटना के बाद दीनदयालनगर क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापना की मांग फिर तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार दीनदयालनगर थाना क्षेत्र में बाजना बस स्टैंड और अमृत सागर तालाब के रास्ते पर 23 वर्षीय प्रवीण उर्फ पप्पू पिता सुनील निवासी सिलावटों का वास रतलाम पर किसी ने चाकुओं से हमला कर दिया। हमला शाम को हुआ जिसमें प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने गंभीर घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन खून बहुत ज्यादा बह जाने से उसकी मौत हो गई। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके लिए क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले ज रहे हैं।

फिर बढ़ी पुलिस चौकी की मांग

दीनदयालनगर क्षेत्र में स्थित पुलिस थाना अब सागौद रोड पर दूध डेयरी के पास शिफ्ट हो चुका है। इसके बाद से क्षेत्र में अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। राह चलते आपराधिक तत्व अपराध कर रहे हैं। बाजना बस स्टैंड क्षेत्र में बुधवार शाम युवक पर हुए हमले के बाद एक बार फिर से दीनदयालनगर क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग तेज हो गई है। इसके लिए क्षेत्रवासी लंबे समय से मांग कर रहे हैं, वे एसपी राहुल कुमार लोढ़ा को ज्ञापन भी सौंप चुके हैं लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।