पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग पर तीन दिन हड़ताल 28 सितंबर से, रतलाम में बैंक शाखाओं के बाहर होगा प्रदर्शन, बैंकों में होगा लेन-देन रविवार को
पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी तीन दिवसीय हड़ताल और प्रदर्शन करेंगे। रतलाम में तीन स्थानों पर प्रदर्शन का कार्यक्रम तय किया गया है।
28 से 30 सितंबर तक अलग-अलग बैंक शाखाओं के सामने जुटेंगे बैंक कर्मचारी-अधिकारी, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स ने तय किया कार्यक्रम
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । बैंकों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मचारी और अधिकारी 28, 29 एवं 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल एवं प्रदर्शन करेंगे। इससे ग्राहकों को होने वाली परेशानी को द्यान में रखते हुए बैंकों में रविवार को लेन-देन चालू रखने का निर्णय लिया है।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स की रतलाम इकाई की बैठक शुक्रवार को संपन्न हुई। इसमें हड़ताल के दौरान शहर में होने वाले प्रदर्शनों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि तीनों दिनों में रतलाम शहर में निर्धारित बैंक शाखाओं के समक्ष शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन और नारेबाजी की जाएगी। प्रदर्शन के माध्यम से बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए बैंकों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग की जाएगी। इसमें बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी निर्धारित कार्यक्रम अनुसार शामिल होंगे।
तीन दिन, तीन स्थानों पर प्रदर्शन
28 सितंबर को प्रातः 10 बजे केनरा बैंक, स्टेशन रोड शाखा के सामने प्रदर्शन किया जाएगा।
29 सितंबर को प्रातः 10 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा, कॉलेज रोड शाखा के सामने बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी प्रदर्शन करेंगे।
30 सितंबर को प्रातः 10 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा, अलकापुरी शाखा के सामने प्रदर्शन का कार्यक्रम रखा गया है।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में विजय कुमार सोनी, नरेंद्र सोलंकी, एन. के. जोशी, प्रकाश अग्रवाल, कल्पेश बैरागी, योगेश कोकरा, सौरभ सिंघल, राहुल खोईवाल और नवीन मोरला उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें
रविवार को खुली रहेंगी बैंक
लगातार छुट्टियों और हड़ताल के कारण आम जनता को असुविधा न हो और वित्तीय लेन-देन प्रभावित न हो, इसलिए सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने रविवार (27 सितंबर) को बैंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को चालू रखने की मंजूरी दी है। इस दिन सभी सरकारी और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक आम दिनों की तरह सामान्य रूप से खुले रहेंगे और कामकाज होगा।
बैंकें भेज रहीं ग्राहकों को संदेश
हड़ताल को ध्यान में रखते हुए सभी बैंकों द्वारा ग्राहकों को मैसेज भेजे जा रहे हैं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा प्रेषित एक संदेश में बताया गया है कि- यद्यपि हड़ताल की अवधि के दौरान, हम आवश्यक बैंकिंग सेवाएँ प्रदान करने का भरसक प्रयास कर रहे हैं, तथापि ग्राहकों से अनुरोध है कि हड़ताल की तारीखों से पहले ही जरूरी बैंकिंग लेनदेन पूरा कर लें।
ये भी पढ़ें
इन सुविधाओं का करें उपयोग
• नकदी की जरूरतों को पूरा करने के लिए एटीएम/एडीडब्ल्यूएम का इस्तेमाल करें।
• ग्राहक सेवा केंद्र का इस्तेमाल करें।
• बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए इंटरनेट बैंकिंग, योनो, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और अन्य डिजिटल चैनलों का इस्तेमाल करें।





