रतलाम में महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर हैलोजन लगाने से भड़का राजपूत समाज, सैलाना बस स्टैंड पर किया चक्काजाम, पुलिस हटवाई लाइट
रतलाम के सैलाना बस स्टैंड पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा और घोड़े पर गलत तरीके से हैलोजन लाइट लगाने के विरोध में करणी सेना व राजपूत समाज ने चक्काजाम किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद लाइटें उतरवाई गईं।
प्रतिमा और घोड़े पर गलत तरीके से लाइट बांधने का आरोप, करणी सेना ने जताया कड़ा आक्रोश; पुलिस की समझाइश के बाद उतरवाई गई लाइटें
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर के सैलाना बस स्टैंड स्थित राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर हैलोजन लाइट लगाने पर विवाद खड़ा हो गया। करणी सेना और राजपूत समाज के लोगों ने इस पर नाराजगी जताई और चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। समाजजन की आपत्ति हैलोजन लाइट लगाने के तरीके को लेकर रही।
गणेशोत्सव और गणेश विसर्जन की झांकियों के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और प्रतिमाओं पर विद्युत सज्जा की गई है। इसी तामरम्य में सैलाना बस स्टैंड स्थित राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर भी हैलोजन लाइट लगाई गई है। प्रतिमा और उनके घोड़े पर गलत तरीके से लाइट लगाए जाने की जानकारी मिलने पर करणी सेना एवं राजपूत समाज के लोग भड़क गए। उन्होंने लाइट को प्रतिमा और घोड़े पर गलत तरीके से बांधने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा का अनादर है।
विरोध की सूचना मिलते ही राजपूत समाज के अन्य लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। उन्होंने चौराहे पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और नारेबाजी करते हुए तत्काल लाइट हटाने की मांग की। प्रदर्शन के कारण सैलाना बस स्टैंड मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया।
ये भी पढ़ें
पुलिस अधिकारियों ने कराया शांत
सूचना मिलते ही सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम तथा हाट की चौकी प्रभारी गौरव राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया और समझाइश दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महाराणा प्रताप की प्रतिमा और घोड़े पर गलत तरीके से बांधी गई हैलोजन लाइट उतरवा दी। लाइट हटाए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों का आक्रोश शांत हुआ और चक्काजाम समाप्त कर मार्ग पर आवागमन सुचारू कराया गया। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
ये भी पढ़ें







