नगरीय निकाय चुनाव अपडेट : BJP के ये 79 वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि करेंगे MP में पार्षद प्रत्याशियों का चयन, 16 नगर निगम के लिए चुनाव प्रभारी भी तय
भाजपा ने प्रदेश के सभी नगर निगमों के पार्षद पद के लिए प्रत्याशी चयन हेतु संभागीय समितियों का ऐलान किया है। साथ ही सभी 16 नगर निगमों के लिए प्रभारियों की नियुक्तियां भी की गई हैं।

एसीएन टाइम्स @ भोपाल । प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा व्यवस्थित चुनाव लड़ने और संचालन के लिए वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष एवं सासंद वी. डी. शर्मा ने संभागीय चयन समितियों का गठन किया है। इसमें कुल 79 सदस्य हैं जो महापौर प्रत्याशी और पार्षदों के टिकट तय करेंगे। इसके अलावा 16 नगर निगमों के लिए चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति भी की गई है।
चुनाव प्रभारियों और संभागीय चयन समितियों की सूचियां गुरुवार देर रात भाजपा प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने जारी की। इसमें प्रमुख नगर निगमों में से इंदौर का प्रभारी तेजबहादुर सिंह तथा भोपाल का कविता पाटीदार को बनाया गया है। वहीं रतलाम के चुनाव प्रभारी जयपाल सिंह चावड़ा होंगे।
पार्षदों के टिकट ये करेंगे फाइनल
भाजपा द्वारा द्वारा सभी संभागों के लिए चयन समितियों की घोषणा भी की गई है। इनमें संयोजक के अलावा सह संयोजक, सदस्य और कुछ स्थानों के लिए पदेन सदस्य भी शामिल किए गए हैं। संभागीय समितियों में सबसे ज्यादा 17 सदस्य ग्वालियर व चंबल संभाग की है। यही समिति दोनों संभागों के प्रत्याशियों का चयन करेगी। इसी प्रकार इंदौर के लिए 12, उज्जैन संभाग के लिए 11, जबलपुर के लिए 11, सागर के लिए 10, रीवा व शहडोल संभाग के लिए 9, भोपाल व नर्मदापुरम के लिए 9 सदस्यीय समितियों का गठन किया गया है। इंदौर और जबलपुर में 2-2 तथा ग्वालियर व चंबल संभाग के लिए गठित समिति में 4 पदेन सदस्य हैं।