पत्रकार दीप मिलन समारोह : औद्योगिक विकास के साथ विकसित रतलाम की परिकल्पना होगी पूर्ण, मीडिया का सकारात्मक सहयोग आवश्यक- कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप

कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने पत्रकार दीप मिलन समारोह में विकसित मध्य प्रदेश के साथ रतलाम के विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने विकास कार्य को गति देने में मीडिया के सहयोग की अपेक्षा भी जताई।

पत्रकार दीप मिलन समारोह : औद्योगिक विकास के साथ विकसित रतलाम की परिकल्पना होगी पूर्ण, मीडिया का सकारात्मक सहयोग आवश्यक- कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप
पत्रकार दीप मिलन समारोह को संबोधित करते मंत्री चेतन्य काश्यप। पास हैं रतलाम प्रेस क्लब मुकेश पुरी गोस्वामी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस प्रकार 2047 में विकसित भारत का सपना लेकर काम कर रहे हैं, ठीक उसी प्रकार से विकसित रतलाम का कार्य भी हो रहा है और आधारभूत संरचनाएं अब स्वरूप ले रही हैं। विकसित रतलाम के लिए सकारात्मक माहौल का निर्माण किया है और अब शहर के लिए वो टर्निंग पॉइंट है, जिससे परिवर्तन की दिशा प्रारंभ हुई है। व्यापार के साथ उद्योग भी बढ़े, उसके लिए 8 लेन एक्सप्रेस-वे का लाभ लेकर बड़े उद्योगों को लाने का प्रयास जारी है। मीडिया शहर के विकास के लिए सकारात्मक भूमिका निभाए, जिससे यह कार्य तेजी से संपन्न हो सकें।

यह बात कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने "पत्रकार दीप मिलन समारोह" में कही। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, जिला महामंत्री जयवंत कोठारी, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, रतलाम प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेश पुरी गोस्वामी, जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी, सह जिला प्रभारी नीलेश बाफना आदि उपस्थित रहे।

आकर्षण का केंद्र बना रतलाम का निवेश क्षेत्र

काश्यप ने कहा कि पिछले 1 साल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश का पूरा वातावरण बदला है। रतलाम में भी विशेष निवेश क्षेत्र में औद्योगिक निवेश की शुरुआत हो चुकी है और जल्द ही नए उद्योग धंधे प्रारंभ हो जाएंगे। 12 सालों में जितनी भी घोषणाएं हुई हैं, उन्हें क्रियान्वित करने का प्रयास हुआ है। एटलेन एक्सप्रेस-वे के निकट होने से रतलाम का निवेश क्षेत्र निवेशकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां बिजली व्यवस्था के लिए जहां सब स्टेशन बनेगा, वहीं पानी की व्यवस्था कनेरी डेम से होगी। उसकी पाइप लाइन डालने का काम शुरू हो गया है। शहर के सभी मार्ग सिटी फोरलेन बन चुके हैं। सिटी रिंग रोड का काम शुरू हो रहा है। करमदी रोड पर साड़ी कॉम्प्लेक्स के लिए हाउसिंग बोर्ड को जमीन अलॉट हो चुकी है। कालिका माता लोक का नक्शा भी बन गया है। ये जन भागीदारी और शासन की राशि से नए स्वरूप में तैयार होगा।

मप्र की जीडीपी में कृषि का हिस्सा सबसे ज्यादा

काश्यप ने बताया कि मध्य प्रदेश की जीडीपी में वर्तमान में 40 प्रतिशत हिस्सा कृषि का है और उद्योगों का जीडीपी में 20 प्रतिशत हिस्सा है। पिछले 15-20 सालों में खेती में प्रदेश आगे बढ़ा, अब उद्योगों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उद्योगों की ग्रोथ बढ़ाने के लिए रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की गई। उद्योगों को सब्सिडी भी जारी कर दी है। स्वास्थ क्षेत्र के लिए मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन मशीन की स्वीकृति मिल चुकी है और कृषि क्षेत्र में मंडी को रिंग रोड पर मथुरी के पास भूमि आवंटित की जा चुकी है।

फ्लाई ओवर ब्रिज की योजना पर चल रहा काम

मंत्री काश्यप ने कहा कि गोल्ड कॉम्प्लेक्स के साथ व्यवसाय की दृष्टि से साड़ी कॉम्प्लेक्स के लिए करमदी क्षेत्र में भूमि चिह्नित की जा चुकी है। विकास की दृष्टि से शहर में फ्लाई ओवर ब्रिज की योजना पर काम चल रहा है। सागोद रोड पर ब्रिज का भी जल्द ही निर्माण हो जाएगा। शहर के समग्र विकास को लेकर सरकार संकल्पित है। मीडिया के साथी सकारात्मक सहयोग देकर अपना असीम योगदान दें। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने पार्टी की ओर से दीपोत्सव की शुभकामनाएं दी। संचालन जिला मीडिया प्रभारी त्रिपाठी ने किया। आभार विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल ने माना।