अंतर प्रांतीय प्रशिक्षण : किसी भी संस्था की विश्वसनीयता वित्तीय प्रबंधन और पारदर्शी कार्यशैली पर आधारित- चेतन्य काश्यप
रतलाम में आयोजित क्रीड़ा-भारती के अंतर प्रांतीय कोषाध्यक्ष प्रशिक्षण वर्ग के समापन पर राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने पारदर्शिता, प्रामाणिकता और तकनीक के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। प्रशिक्षण में देश के विभिन्न प्रांतों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
रतलाम में सम्पन्न हुआ क्रीड़ा-भारती के कोषाध्यक्षों का अंतर प्रांतीय प्रशिक्षण वर्ग, विभिन्न राज्यों और प्रांतों से आए प्रतिनिधियों ने लिया प्रशिक्षण
एसीएम टाइम्स @ रतलाम । किसी भी संस्था की विश्वसनीयता उसके वित्तीय प्रबंधन और पारदर्शी कार्यशैली पर आधारित होती है। कोषाध्यक्ष यदि पूरी प्रामाणिकता और पारदर्शिता के साथ दायित्व निभाए तो संगठन की कार्यक्षमता के साथ-साथ कार्यकर्ताओं का विश्वास और मनोबल भी मजबूत होता है। बदलते समय के अनुरूप संस्थागत कार्यों की सुदृढ़ता और प्रभावशीलता के लिए तकनीक का अधिकतम उपयोग आवश्यक है।
यह बात क्रीड़ा-भारती के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने क्रीड़ा-भारती के अंतर प्रांतीय कोषाध्यक्ष प्रशिक्षण वर्ग के समापन अवसर पर कही। रतलाम के वैशाली गार्डन में आयोजित क्रीड़ा-भारती की अंतर प्रांतीय बैठक के तहत कोषाध्यक्षों का एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग का समापन राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने किया। तीन सत्रों में आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग के दौरान क्रीड़ा-भारती के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मिलिंद डांगे ने विभिन्न प्रांतों से आए कोषाध्यक्षों को वित्तीय प्रबंधन, संगठनात्मक कार्यप्रणाली तथा कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारियों से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया।
ये भी पढ़ें
खेल चेतना मेले का भी किया उल्लेख
मंत्री काश्यप ने रतलाम में प्रतिवर्ष क्रीड़ा-भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित खेल चेतना मेला का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह आयोजन खेलों के प्रति जनचेतना विकसित करने का सफल माध्यम बना है। इसकी सफलता से प्रेरणा लेकर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के अन्य प्रांतों में भी ऐसे आयोजनों का अनुसरण किया जा रहा है।
प्रशिक्षण वर्ग में पुणे, अहमदाबाद, कोंकण, जयपुर, जबलपुर, सौराष्ट्र, भीलवाड़ा, जोधपुर, कोटा, इंदौर और ग्वालियर सहित विभिन्न प्रांतों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
ये भी पढ़ें
ये रहे उपस्थित
इस दौरान अहमदाबाद से नितेश कुमार, कोंकण से सतीश मोरेश्वर जोशी एवं यज्ञेश्वर बागराव, जयपुर से कैलाश शर्मा, प्रदीप शर्मा एवं राकेश शर्मा, जबलपुर से प्रकाश विस्पुते एवं अनंत दीघे, सौराष्ट्र से अशोक गांधी, भीलवाड़ा से शिवनारायण सोनी, कोटा से बालमुकुंद, ग्वालियर से प्रकाश श्रीवास्तव तथा इंदौर से विजय भावे सहित विभिन्न प्रांतों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








