BAP विधायक का बड़ा ऐलान ! MLA कमलेश्वर डोडियार ने किया वेतन-भत्तों का त्याग, LLM की पढ़ाई के दौरान 10 माह तक नहीं लेंगे

सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी, भोपाल में एलएलएम की नियमित पढ़ाई के लिए 20 जुलाई 2026 से 15 मई 2027 तक विधायक वेतन एवं भत्ते नहीं लेने का स्वैच्छिक निर्णय लिया है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को पत्र लिखकर भुगतान स्थगित करने का अनुरोध किया है।

BAP विधायक का बड़ा ऐलान ! MLA कमलेश्वर डोडियार ने किया वेतन-भत्तों का त्याग, LLM की पढ़ाई के दौरान 10 माह तक नहीं लेंगे
सैलाना विधायक कमलेश्वर विधायक LLM की पढ़ाई के दौरान नहीं लेंगे विधायकी का वेतन और भत्ता।

विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर 20 जुलाई 2026 से 15 मई 2027 तक वेतन-भत्ते का भुगतान स्थगित करने का किया अनुरोध

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जनप्रतिनिधियों के वेतन-भत्तों को लेकर अक्सर राजनीतिक बहस होती रहती है, लेकिन सैलाना विधानसभा क्षेत्र (क्रमांक-221) के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने 10 माह तक विधायक के रूप में मिलने वाले वेतन एवं भत्ते नहीं लेने का निर्णय किया है। इसके लिए उन्होंने मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को पत्र लिखकर अपने वेतन एवं भत्तों का भुगतान स्थगित करने का अनुरोध किया है।

भारत आदिवासी पार्टी (BAP) विधायक कमलेश्वर डोडियार ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र (क्रमांक 467/VIP/2026, दिनांक 13 जुलाई 2026) लिखा है। इसमें उन्होंने बताया है कि वे नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी (एनएलआईयू), भोपाल में एक वर्षीय एलएलएम पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री कोर्स में नियमित अध्ययन एवं शैक्षणिक कार्यों के लिए 20 जुलाई 2026 से संबद्ध रहेंगे। इसी कारण वे अपनी स्वेच्छा से विधायक के रूप में देय वेतन एवं भत्ते ग्रहण नहीं करना चाहते।

पत्र में उन्होंने अनुरोध किया है कि उनके इस स्वैच्छिक निर्णय को स्वीकार करते हुए 20 जुलाई 2026 से 15 मई 2027 तक नियमित कक्षाओं और परीक्षाओं की अवधि के दौरान उन्हें देय विधायक वेतन एवं भत्तों का भुगतान स्थगित करने के आदेश जारी किए जाएं।

स्वेच्छा से लिया निर्णय, किसी दबाव में नहीं

विधायक डोडियार ने अपने पत्र में स्पष्ट घोषणा की है कि यह निर्णय उन्होंने बिना किसी दबाव के अपनी स्वेच्छा से लिया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि यदि भविष्य में पुनः विधायक वेतन एवं भत्ते प्राप्त करने की आवश्यकता होगी, तो वे इसके लिए पृथक आवेदन प्रस्तुत करेंगे।

ये भी पढ़ें

पढ़ाई और जनसेवा के बीच संतुलन बनाने का संकल्प

पत्र में विधायक ने लिखा है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लगभग 10 माह के दौरान वे बार काउंसिल ऑफ इंडिया तथा नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी, भोपाल के उपस्थिति एवं अध्ययन संबंधी नियमों और शर्तों का पालन करेंगे। साथ ही पढ़ाई और अपने संवैधानिक दायित्वों के बीच संतुलन बनाते हुए विधानसभा सत्रों में प्राथमिकता के साथ उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया है कि विधायक के रूप में अपने सभी कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए विधानसभा क्षेत्र में शासकीय कार्यक्रमों एवं गतिविधियों में सहभागिता सुनिश्चित करेंगे तथा समय-समय पर जनसमस्याओं की सुनवाई और शासन-प्रशासन से जनहित के विषयों पर नियमित संपर्क बनाए रखेंगे।

स्वयं के खर्च पर करेंगे क्षेत्रीय कार्यक्रमों में भागीदारी

पत्र के दूसरे पृष्ठ में विधायक कमलेश्वर डोडियार ने उल्लेख किया है कि लगभग 10 माह तक वेतन-भत्ता नहीं लेने के बावजूद वे आवश्यक समय पर अपने स्वयं के खर्च से विधानसभा क्षेत्र में आयोजित दौरे, कार्यक्रमों और जनसुनवाई जैसे आयोजनों में उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने पुनः दोहराया है कि अध्ययन के दौरान भी विधायक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करेंगे।

अंत में उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से अपने आवेदन पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उससे अवगत कराने का अनुरोध किया है।

ये भी पढ़ें