मरीजों को घर के पास मिलेगी इलाज की सुविधा, शहर में 10 जगह स्थापित होंगे मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक – विधायक चेतन्य काश्यप

रतलाम शहर के 10 स्थानों का चयन सीएम संजीवनी क्लीनिक के लिए किया गया है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही क्लीनिक का निर्माण शुरू होगा।

Dec 30, 2022 - 22:58
 0
मरीजों को घर के पास मिलेगी इलाज की सुविधा, शहर में 10 जगह स्थापित होंगे मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक – विधायक चेतन्य काश्यप
रतलाम में स्थापित होंगे मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक। विधायक चेतन्य काश्यप के प्रयास से हुआ संभव।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब किसी भी प्रकार की बीमारी पर प्राथमिक उपचार की सुविधा घर के पास ही मिलेगी। विधायक चेतन्य काश्यप के प्रयासों से रतलाम को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत दस नए मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक की सौगात मिली है। इन क्लीनिक की स्थापना की तैयारी पूरी हो चुकी है। इनकी स्थापना के बाद सामान्य बीमारी के दौरान जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज तक की दूरी मरीज व उनके परिजनों को तय नहीं करना पड़ेगी।

विधायक काश्यप ने बताया मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक को लेकर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जरूरत के मान से 10 स्थान चिन्हित किए गए हैं। इन स्थानों पर क्लीनिक के नए भवन निर्माण के लिए शासन की ओर से प्रति क्लीनिक 25 लाख की राशि भी स्वीकृत हो चुकी है। भवन निर्माण का जिम्मा शासन ने नगर निगम को सौंपा है। इनका नक्शा और डिजाइन तैयार है। नगर निगम ने भवन निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। जल्द ही क्लीनिक का निर्माण शुरू हो जाएगा। इनके निर्माण से शहरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा घर के पास ही मिल सकेगी।

विधायक काश्यप ने बताया क्लीनिक पर एक चिकित्सक के साथ स्टाफ भी उपलब्ध रहेगा। चिकित्सकीय परामर्श के बाद मरीजों को यदि कोई जांच लिखी जाती है तो उसकी सुविधा भी यहीं उपलब्ध रहेगी। संजीवनी क्लीनिक खुलने से यहां स्टाफ के रूप में स्वास्थ्य सेवाओं से जुडे़ लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे और जिला अस्पताल के साथ मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में लग रही मरीजों की कतार भी कम होगी।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।