मुख्यमंत्री कप 21 नवंबर से, विकासखंड, जिला और राज्य स्तर पर होंगी खेल प्रतियोगिताएं

मुख्यमंत्री कप के तहत खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने की तैयारी शुरू होगी। चार चरण में होने वाले इस आयोजन में 21 नवंबर से ब्लॉक स्तर पर स्पर्धाएं होंगी।

Nov 15, 2022 - 11:17
 0
मुख्यमंत्री कप 21 नवंबर से, विकासखंड, जिला और राज्य स्तर पर होंगी खेल प्रतियोगिताएं
मुख्यमंत्री कप।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम प्रदेश में नई खेल प्रतिभाओं को खोज कर उन्हें उचित प्रशिक्षण देकर तराशने और आगे बढ़ाने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रम कर खिलाड़ियों को अनेक अवसर प्रदान किया जा रहा है। इस कड़ी में 'मुख्यमंत्री कप' 21 नवंबर से ब्लॉक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। "मुख्यमंत्री कप" की शुरुआत वर्ष 2015-16 से हुई थी।

खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने निर्णय लिया है कि प्रदेश में संचालित विभिन्न खेल अकादमियों में ग्रामीण स्तर पर प्रतिभाओं को खोज कर प्रशिक्षण दिया जाए। "मुख्यमंत्री कप" का मुख्य उद्देश्य खेल के प्रति युवाओं में जागरूकता पैदा करना, खेल को सर्व-सुलभ बनाना, प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान विकासखण्ड एवं ग्राम स्तर पर करना और प्रतिभावान एवं उदीयमान खिलाड़ियों को पर्याप्त प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।

चार चरण में होगा स्पर्धाओं का आयोजन

'मुख्यमंत्री कप' का आयोजन 4 चरण में किया जाएगा। पहले चरण में ब्लॉक मुख्यालय, द्वितीय चरण में जिला, तृतीय में दस संभागीय मुख्यालय और चतुर्थ चरण में राज्य स्तर पर संभाग से चयनित खिलाड़ी तथा खिलाड़ियों के दलों की लीग प्रतियोगिता होगी। ब्लॉक में एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वालीबाल, फुटबाल और खो-खो की प्रतियोगिता स्थानीय खेल निकाय, क्लब, विद्यालय, खेल संघों एवं ग्राम पंचायत के खिलाड़ियों-खेल दलों को सम्मिलित कर लीग आधार पर होगी। ब्लॉक में चयनित खिलाड़ियों को ही जिला, संभाग एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा।

18 वर्ष से कम हो उम्र, गणना 31 दिसंबर 2022 से होगी

'मुख्यमंत्री कप' में 18 वर्ष से कम आयु समूह के बालक एवं बालिका खिलाड़ी सम्मिलित होंगे। आयु की गणना 31 दिसम्बर 2022 से की जाएगी। खिलाड़ी को मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है। आयु का प्रत्येक प्रतियोगिता स्तर पर सत्यापन अनिवार्य होगा। आयु सत्यापन में त्रुटि पाए जाने पर खिलाड़ी को उस खेल प्रतियोगिता से निष्कासित किया जाएगा।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।