कुंडाल में भव्य मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह 19 अप्रैल को, 167 जोड़े एक साथ लेंगे सात फेरे
रतलाम के कुंडाल में 19 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 167 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। हर नवदंपती को ₹49 हजार की सहायता और विधायक मथुरालाल डामर की ओर से बर्तनों का उपहार मिलेगा।
हर नवदंपती को ₹49 हजार की सहायता, विधायक मथुरालाल डामर देंगे बर्तनों का विशेष उपहार सेट; कोटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सुबह 9 बजे से आयोजन
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित ग्राम कुंडाल एक बार फिर सामाजिक समरसता और सामूहिक परंपरा का साक्षी बनने जा रहा है। यहां 19 अप्रैल 2026 (रविवार) अक्षय तृतीया को कोटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसमें 167 जोड़े एक साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे।
यह आयोजन प्रदेश शासन की मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी में सहयोग प्रदान करना है। योजना के तहत प्रत्येक नवदंपती के बैंक खाते में ₹49,000 की आर्थिक सहायता राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
विधायक मथुरालाल डामर के नेतृत्व में आयोजित यह सामूहिक विवाह समारोह सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा। आयोजन स्थल पर विवाह संस्कार के साथ-साथ बड़ी संख्या में आने वाले वर-वधू पक्ष के परिजनों और अतिथियों के लिए भोजन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
ये भी पढ़ें
विधायक डामर की ओर से विशेष उपहार
समारोह में शामिल होने वाले सभी 167 नवदंपतियों को रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर की ओर से विशेष उपहार स्वरूप बर्तनों का सेट भी प्रदान किया जाएगा। इस उपयोगी सेट में एक बेड़ा, एक घड़ा, एक तांबे का लोटा, आटा गूंथने की थाली, भोजन की थाली, दो कटोरियों का सेट और एक गिलास शामिल रहेगा। यह पहल नवविवाहित जोड़ों के नए जीवन की शुरुआत को सहूलियत देने के उद्देश्य से की जा रही है।
तैयारियों का लिया जायजा
समारोह को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए शनिवार को विधायक मथुरालाल डामर और उनके प्रतिनिधि धन्नालाल डामर ने कार्यकर्ताओं के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंच, पंडाल, भोजन व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
ये भी पढ़ें
कार्यकर्ता जुटे आयोजन को सफल बनाने में
इस बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए क्षेत्रीय कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ जुटे हुए हैं। इसमें भाजपा नामली मंडल अध्यक्ष दिनेश पप्पू जाट, बांगरोद मंडल अध्यक्ष फूलसिंह जाधव, चंद्रशेखर मंडल अध्यक्ष अशोक धाकड़, धराड़ मंडल अध्यक्ष कमलेश पाटीदार, शबरी मंडल अध्यक्ष संजय पाटीदार सहित कई कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।






