16 घंटे प्रवास - 51% मत का मंत्र : सैलाना विधानसभा के तम्बोलिया गांव में भाजपा संगठन महामंत्री हितानंद ने लगाई खाटला चौपाल, लोगों के मन पढ़े, जीत के गुर बताए

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने सैलाना विधानसभा क्षेत्र के सुदूर गांव में रात गुजारने के दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को 51 फीसदी से ज्यादा मत लाने का मंत्र बताया।

16 घंटे  प्रवास - 51% मत का मंत्र : सैलाना विधानसभा के तम्बोलिया गांव में भाजपा संगठन महामंत्री हितानंद ने लगाई खाटला चौपाल, लोगों के मन पढ़े, जीत के गुर बताए
रतलाम जिले के सैलाना विधानसभा क्षेत्र के तम्बोलिया गांव में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा खाटला चौपाल के दौरान लोगों से चर्चा करते हुए।

गांव चले अभियान के दौरान रतलाम जिले के सुदूर गांव तम्बोलिया के बूथ क्रमांक 227 में बिताई रात

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । लोगों का मूड भांपने ने के लिए मप्र भाजपा के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने रतलाम जिले में 16 घंटे बिताए। इस दौरान उन्होंने सैलाना विधानसभा क्षेत्र के सुदूर गांव तम्बोलिया में ग्रामीणों के साथ रात बिताई। वे रावटी और सैलाना भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के लोगों का मन टटोला और पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में 51 फीसदी से ज्यादा मत हासिल करने का मंत्र भी दिया।

आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को हर विधानसभा क्षेत्र से 51 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त हों, इसी उद्देश्य से प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा क्षेत्र के सुदूर ग्राम में देर रात पहुंचे। उन्होंने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की और रात्रि विश्राम भी गांव में ही किया। सैलाना विधानसभा सीट आजादी के बाद भाजपा ने एक बार जीती थी। लोकसभा चुनाव में यहां फिर जीत दर्ज करने के उद्देश्य से गांव चलो अभियान में प्रदेश संगठन महामंत्री ने सैलाना क्षेत्र चुना और करीब 16 घण्टे के प्रयास में पूरे क्षेत्र का दौरा कर उज्जैन प्रस्थित हो गए।

प्रदेश संगठन महामंत्री शर्मा बुधवार रात सैलाना विधानसभा क्षेत्र के रावटी मण्डल में स्थित तम्बोलिया गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने बूथ क्र. 227 के कार्यकर्ताओं के साथ श्रीराम मंदिर के सामने खाटला बैठक की और 3 चुनावों की जानकारी देते हुए आगामी लोकसभा चुनाव में 51 प्रतिशत मत प्राप्त करने का संकल्प दिलाया।

रजिस्टर जांचा, संगठन एप पर उपस्थित दर्ज करवाई

बैठक में संगठन महामंत्री शर्मा ने बूथ स्तर पर बने रजिस्टर की जांच की और संगठन एप पर उपस्थिति दर्ज करवाई। बाद में लाभार्थियों से संपर्क कर केन्द्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने ग्राम के वाट्स एप ग्रुप को भी चैक किया और ग्रामीणों से बूथ स्तर पर मन की बात सुनने का आग्रह किया।

राम धुन गाई, दाल-पानिए खाए

आरंभ में शर्मा का ग्रामीणों ने स्वागत किया। इससे पूर्व उन्होंने श्रीराम मंदिर में भगवान के दर्शन किए और राम धुन गाई। रात्रि में ग्रामीणों के साथ ग्राम का परम्परागत भोजन दाल-पानिए ग्रहण कर रात्रि विश्राम किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय मण्डल प्रभारी राजेंद्र पाटीदार आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें... चुनावी मोड में भाजपा : MP के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा गोपनीय दौर के लिए रात को रतलाम पहुंचे, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को साधने सैलाना विधानसभा के गांव में गुजारेंगे रात

रावटी और सैलाना में हुआ स्वागत

जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने गुरुवार सुबह बूथ अध्यक्ष के यहां स्वल्पाहार ग्रहण किया और तम्बोलिया से विदाई लेकर रावटी पहुंचे। रावटी में मण्डल अध्यक्ष शक्तिसिंह के नेतृत्व में उनका स्वागत किया गया। यहां भी पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से चर्चा कर 51 प्रतिशत मत के लक्ष्य को हर हाल में हासिल करने का आह्वान किया। बाद में शर्मा सैलाना पहुंचे और वहां भी प्रमुख कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से चर्चा की। यहां मण्डल अध्यक्ष श्याम धाकड़ के नेतृत्व में स्वागत किया गया। प्रदेश संगठन महामंत्री शर्मा के प्रवास के दौरान क्षेत्रीय सांसद, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय सहित सभी पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।