नकली सोना-चांदी बेचकर ठगने वाला अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब, 3 पुरुष और 3 महिलाएं गिरफ्तार, 14 किलो नकली सोने-चांदी के आभूषण जब्त
रतलाम में नकली सोना-चांदी बेचकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार। पुलिस ने 11.80 किलो नकली सोने के आभूषण-मूर्ति, 2.20 किलो नकली चांदी और नकदी जब्त की।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । नकली सोने-चांदी को असली बताकर व्यापारियों और आम लोगों को ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का माणकचौक पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 11.80 किलोग्राम नकली सोने के आभूषण और मूर्ति, 2.20 किलोग्राम नकली चांदी के आभूषण, 400 ग्राम चांदी के सिक्के, 30 हजार रुपए नकद और इलेक्ट्रिक तौल कांटा जब्त किया गया है।
यह जानकारी एसपी अमित कुमार ने शनिवार रविवार को प्रेसवार्ता में दी। त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के दौरान माणकचौक पुलिस को 16 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि हरियाणा के फरीदाबाद क्षेत्र से आए कुछ महिला-पुरुष नकली सोने-चांदी के आभूषण बेचने की फिराक में हैं। वे इन आभूषणों को असली बताकर व्यापारियों और आमजन को ठगने का प्रयास कर रहे हैं।
View this post on Instagram
सूचना मिलने पर पुलिस की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन पुरुषों और तीन महिलाओं को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से नकली आभूषण, चांदी के सिक्के, नकदी और इलेक्ट्रिक तौल कांटा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपियों से पूछताछ की गई, जिसमें रतलाम में व्यापारी के साथ ठगी की घटना सामने आई।
ये भी पढ़ें
बर्तन व्यापारी को ठगने का प्रयास स्वीकारा
एसपी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में 16 अक्टूबर को रतलाम के बर्तन व्यापारी मुस्तफा तांबावाला की दुकान पर नकली सोने का टुकड़ा असली बताकर ठगी करने की बात स्वीकार की है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और बिहार में भी ठगी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जानकारी सामने आई है। पुलिस गिरोह की अन्य वारदातों और अलग-अलग राज्यों में उसकी गतिविधियों की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें
हरियाणा और उत्तर प्रदेश के निवासी आरोपी
गिरफ्तार पुरुष रोपियों की पहचान सागर पिता गणेश राठौर (29), गणेश पिता गंगाराम राठौर (55), निवासी आदर्श नगर, बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद, हरियाणा तथा मानसिंह पिता वीरचन्द राय (36), निवासी बदालीखेड़ा, कानपुर रोड, थाना सरोजनी नगर, लखनऊ के रूप में हुई है। इनके साथ तीन महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है। उपलब्ध पुलिस विवरण में महिलाओं के नाम नहीं बताए गए हैं।
11.80 किलो नकली सोने के आभूषण और मूर्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से 11.80 किलोग्राम नकली सोने के आभूषण और मूर्ति, 2.20 किलोग्राम नकली चांदी के आभूषण, 400 ग्राम वजन के नौ चांदी के सिक्के, 30 हजार रुपए नकद और एक इलेक्ट्रिक तौल कांटा जब्त किया है। पुलिस अब गिरोह के ठगी करने के तरीके, अन्य संभावित पीड़ितों और दूसरे राज्यों में की गई वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में थाना माणकचौक पर अपराध क्रमांक 566/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
ये भी पढ़ें
इनकी उल्लेखनीय भूमिका रही
कार्रवाई माणकचौक थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान, उपनिरीक्षक लोकेन्द्रसिंह डाबर, सहायक उपनिरीक्षक गौरचन्द परमार, प्रधान आरक्षक राजसिंह, जितेंद्र जायसवाल, आरक्षक अविनाश मिश्रा, हेमंत यादव, सुरेन्द्रसिंह, पंकज, कुलदीप जाट, महेश, जीवन विश्वकर्मा, धीरज यादव, वर्षा पाटीदार, मेघा, भारती पंवार, प्रवीणा सोलंकी और वर्षा कैथवास की सराहनीय भूमिका रही।
सोना-चांदी खरीदते समय सतर्क रहने की अपील
रतलाम पुलिस ने व्यापारियों और आमजन से अपील की है कि सोने-चांदी के आभूषण खरीदते समय उनकी प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें। अनजान व्यक्तियों द्वारा असामान्य रूप से कम कीमत पर आभूषण बेचने की पेशकश किए जाने पर सतर्क रहें और ठगी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
ये भी पढ़ें









