रतलाम सर्राफा बाजार में डकैती की साजिश नाकाम, अंतरराज्यीय गिरोह के 6 बदमाश हथियारों सहित गिरफ्तार
रतलाम के चांदनी चौक सर्राफा बाजार में डकैती की योजना बना रहे अंतरराज्यीय गिरोह के 6 आरोपियों को स्टेशन रोड पुलिस ने हथियारों और औजारों सहित गिरफ्तार किया। एक आरोपी फरार है।
स्टेशन रोड थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चांदनी चौक सर्राफा क्षेत्र में वारदात की तैयारी कर रहे थे आरोपी, एक फरार
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । सर्राफा बाजार में बड़ी डकैती की साजिश को स्टेशन रोड थाना पुलिस ने समय रहते ही विफल कर दिया। पुलिस ने पंचपीर दरगाह एवं नई ईदगाह के पास उंकाला रोड क्षेत्र में दबिश देकर एक अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्यों को घातक हथियारों और चोरी-नकबजनी में उपयोग होने वाले औजारों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरोह चांदनी चौक सर्राफा क्षेत्र की किसी बड़ी ज्वलर्स शॉप में डकैती डालने की साजिश रच रहा था। एक आरोपी फरार है।
मामले का खुलासा एएसपी विवेक लाल ने रविवार को कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकार वार्ता में किया। उन्होंने बताया एसपी अमित कुमार द्वारा सभी थाना प्रभारियों को रात्रिकालीन गश्त के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक जितेन्द्रसिंह जादौन को मुखबिर से सूचना मिली कि पंचपीर दरगाह, नई ईदगाह के पास उंकाला रोड पर 6-7 संदिग्ध व्यक्ति धारदार हथियारों के साथ बैठे हैं और रतलाम के चांदनी चौक सर्राफा क्षेत्र में किसी बड़ी ज्वेलर्स दुकान में डकैती की योजना बना रहे हैं।
इस बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। निरीक्षक जितेन्द्रसिंह जादौन ने स्वयं एक टीम का नेतृत्व करते हुए दबिश दी और घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आईसीजेएस जांच में सामने आया आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों का आईसीजेएस (ICJS) के माध्यम से आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर कई गंभीर अपराध दर्ज होना सामने आया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी प्रभात उर्फ चेतन बुरहानपुर जिले के नेपानगर क्षेत्र में हुई एक बड़ी डकैती के मामले में फरार इनामी आरोपी है। इसके अलावा गिरोह के कई सदस्यों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट और स्थाई वारंट भी लंबित पाए गए हैं।
हथियार जब्त, एक आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से लोहे की एक धारदार तलवार, लोहे का एक धारदार फालिया, लोहे की रॉडनुमा एक गुप्ती, लोहे की एक टामी, एक काला बैग, गुलेल, हाइड्रोलिक कटर, पाना, पेचकस, लकड़ी का एक डंडा जब्त हुआ है। रतलाम सर्राफा बाजार की रेकी करने वाला आरोपी दिनेश हांडा निवासी बजरंग नगर, रतलाम अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
ये भी पढ़ें
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
- कैलाश पिता सुखदेव मोंगिया (56), निवासी ग्राम मुंडरा, थाना पिपराई, जिला अशोकनगर।
- मेहरसिंह उर्फ नेहरसिंह उर्फ नेहरिया पिता गुलाबसिंह मोंगिया (60), निवासी ग्राम गुलगांव, थाना सांची, जिला रायसेन।
- नामेश उर्फ सोल्जर पिता मेहरसिंह मोगिया (20), निवासी गुलगांव, थाना सांची, जिला रायसेन।
- प्रभात उर्फ चेतन पिता मेहरसिंह मोंगिया (27), निवासी गुलगांव, थाना सांची, जिला रायसेन।
- निखिल पिता सुजीत मोंगिया (19), निवासी बिरलाग्राम बागरी टापरी, थाना नागदा, जिला उज्जैन, मूल निवासी जिला गुना।
- वजूद उर्फ अंगद पिता संटिया मोंगिया (29), निवासी रतवास चक, थाना पिपरई, जिला अशोकनगर।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
गैंग को पकड़ने में निरीक्षक जितेन्द्रसिंह जादौन (थाना प्रभारी स्टेशन रोड, रतलाम), उप निरीक्षक जितेन्द्रसिंह कनेश, उप निरीक्षक विजयसिंह बामनियाँ, प्रधान आरक्षक हेमन्त परमार, मुकेशसिंह चौहान, विजय मीणा, आरक्षक दीपक मकवाना, ललित वर्मा, गोपाल आंजना, हरिकिशन पंवार, लखनसिंह, विरेन्द्र सोनी, लोमेश शर्मा (सीसीटीएनएस) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






