अकेली देख महिला को करता था गंदे इशारे, संबंध बनाने का दबाव भी दिया, विरोध किया तो पति और बच्चों को दी जान से मारने की धमकी
रतलाम के बिलपांक थाना क्षेत्र में महिला ने पड़ोसी किसान पर छेड़छाड़, संबंध बनाने का दबाव और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। एफआईआर दर्ज होने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र में एक महिला ने पड़ोसी किसान पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि आरोपी उसे खेत पर अकेला पाकर छेड़छाड़ करता है। वह गंदे इशारे कर संबंध बनाने का दबाव भी बनाता है। विरोध करने पर आरोपी ने चाकू दिखाकर महिला, उसके पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।
जानकारी के अनुसार ग्राम अम्बोदिया निवासी पीड़िता और उसके पति ने 18 जून 2026 को बिलपांक थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि उसके खेत के समीप स्थित डेम पर पानी की मोटर चालू-बंद करने के लिए पड़ोसी किसान ईश्वरलाल पाटीदार दिन में कई बार आता था। इसी दौरान वह महिला को अकेला देखकर अश्लील इशारे करता था और अनुचित व्यवहार करता था।
आरोपी ने उसके मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक संदेश भेजे और बार-बार संपर्क करने की भी कोशिश की। परेशान होकर पीड़िता ने अपना मोबाइल फोन ही बंद कर दिया। इसके बाद भी आरोपी की हरकतें नहीं रुकीं।
ये भी पढ़ें
संबंध बनाने का दबाव, चाकू दिखाकर दी धमकी
महिला की शिकायत के अनुसार आरोपी खेत पर पहुंचकर महिला पर संबंध बनाने का दबाव बनाता था। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर उसने कई बार चाकू दिखाकर डराया और धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया या पुलिस में शिकायत की तो वह उसे, उसके पति और बच्चों को जान से मार देगा। जानकारी मिलने पर महिला थाना प्रभारी रेखा चौधरी ने बिलपांक पहुंचकर पीड़िता की आपबीती सुनी।
गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार दहशत में
पीड़िता का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पीड़िता और उसका परिवार स्कूल खुलने के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। महिला का आरोप है कि पुलिस अधिकारी उसे स्पष्ट और संतोषजनक जवाब भी नहीं दे रहे। पीड़ित परिवार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
ये भी पढ़ें







