रतलाम के इतिहास में पहली बार निकली इतनी भव्य और विराट कलश यात्रा, चेतन्य काश्यप फाउंडेशन की श्रीमद् भागवत कथा से पहले निकली यात्रा पर ड्रोन से हुई पुष्प वर्षा

चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ से पहले भव्य और विराट कलश यात्रा निकाली गई।

Oct 2, 2023 - 23:07
 0
रतलाम के इतिहास में पहली बार निकली इतनी भव्य और विराट कलश यात्रा, चेतन्य काश्यप फाउंडेशन की श्रीमद् भागवत कथा से पहले निकली यात्रा पर ड्रोन से हुई पुष्प वर्षा
कलेश यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत करते चेतन्य काश्यप फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप।

हजारों माता-बहनें सिर पर कलश लेकर हुई शामिल

एसीएन टाइम्ट @ रतलाम । चेतन्य काश्यप फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रसिद्ध कथावाचक सुश्री जया किशोरी जी के मुखारविंद से आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के पूर्व रतलाम के इतिहास में पहली बार भव्य एवं विराट कलश यात्रा निकली। हजारों माता-बहनें कलश सिरोधार्य कर शामिल हुईं। कलश यात्रा पर पहली बार ड्रोन से पुष्प वर्षा की गई, जो आकर्षण का केंद्र रही।

150

500
200

यात्रा का शुभारंभ जैन स्कूल से फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप ने कलश पूजा कर किया। इसके बाद काश्यप ने सिर पर श्रीमद् भागवत जी को धारण कर समिति सदस्य मोहनलाल भट्ट को प्रदान की। वे सपत्नीक श्रीमद् भागवत जी एवं कलश के साथ रथ में सवार हुए। इसके बाद काश्यप ने बाजना बस स्टैंड से भगवा ध्वज दिखाकर कलश यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया।

इन स्थानों से होकर निकली कलश यात्रा

कलश यात्रा जैन स्कूल, बाजना बस स्टैंड से आरंभ होकर चांदनी चौक, तोपखाना, बजाज खाना, गणेश देवरी, डालूमोदी बाजार, पैलेस रोड, नगर निगम, मेहंदीकुई बालाजी मंदिर, छत्रीपुल होकर बीमा अस्पताल के पास से होते हुए आंबेडकर ग्राउंड कथा स्थल पर पहुंची।

कलश यात्रा का मार्ग में जगह-जगह मंचों से विभिन्न धार्मिक, व्यापारिक, सामाजिक संस्थाओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। कलश यात्रा में आगे-आगे गजराज, ऊंट एवं अश्वारोही धर्म ध्वजा लिए चल रहे थे। इसके पीछे ढोल वाहिनी, बैंड, डीजे सहित रथ में सवार होकर राधा-कृष्ण जी के प्रतीक भी शामिल हुए। कलश यात्रा के पूरे मार्ग में ड्रोन द्वारा विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा की गई, जिससे शहरवासियों में कौतूहल बना रहा।

जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

मार्ग में यात्रा का फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप, महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनेरा, गुजरात के भावनगर विधायक जीतूभाई वाघानी, वडोदरा विधायक केयूर भाई, जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय, जिला संयोजक बजरंग पुरोहित, आयोजन समिति सदस्य कन्हैयालाल मौर्य, गोविंद काकानी, मनोहर पोरवाल, निर्मल लुनिया, प्रेम उपाध्याय, प्रदीप उपाध्याय, मुन्नालाल शर्मा, संजय व्यास और सिद्धार्थ काश्यप सहित असंख्य लोगों ने स्वागत किया। यात्रा से शहर का वातावरण धर्ममय हो गया।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।