धर्म-संस्कृति : भगवान श्री देवनारायणजी के जन्मोत्सव पर गुर्जर समाज ने निकाली शोभायात्रा, घोड़े और झांकी रही आकर्षण का केंद्र

रतलाम में गुर्जर समाज द्वारा भगवान श्री देवानारयणजी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर शोभायात्रा निकाली गई। महाआरती भी हुई।

Feb 10, 2025 - 01:38
 0
धर्म-संस्कृति : भगवान श्री देवनारायणजी के जन्मोत्सव पर गुर्जर समाज ने निकाली शोभायात्रा, घोड़े और झांकी रही आकर्षण का केंद्र
जन्मोत्सव पर भगवान श्री देवनारायण जी ने शोभायात्रा के रूप में किया शहर भ्रमण।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के समस्त गुर्जर समाज ने आराध्य देव भगवान श्री देवनारायणजी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया। इस मौके पर समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई जिसमें भगवान देवनारायणजी ने शहर का भ्रमण किया।

शोभायात्रा सुबह 10:00 बजे त्रिपोलिया गेट से प्रारंभ हुई। घोड़े, बग्घियां, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े और आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। सुसज्जित रथ में भगवान देवनारायणजी का चित्र विराजमान था। यात्रा में राजस्थान के आसींद में स्थित अंतरराष्ट्रीय तीर्थ स्थल मालासेरी डूंगरी के पुजारी श्यामलाल पोसवाल मुख्य रूप से शामिल रहे।

यहां से होकर गुजरी शोभायात्रा

शोभायात्रा चांदनी चौक, चौमुखीपुल, घांसबाजार, माणक चौक, गणेश देवरी, धनमंडी, नाहरपुरा चौपाटी, कॉलेज रोड, नगर निगम चौक, महलवाड़ा एवं थावरी बाजार होते हुए श्री देवनारायण मंदिर, गुर्जर मोहल्ला, धर्मभाई जी का वास पर समाप्त हुई। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक मंडलों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।

महाआरती हुई

शोभायात्रा के समापन के उपरांत श्री देवनारायण मंदिर में महाआरती एवं भव्य प्रसादी का आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में समस्त गुर्जर समाज जिला रतलाम के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में, युवा, महिलाएँ एवं बच्चे शामिल रहे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।