Hardik Patel in BJP : आज 11 बजे भाजपा के हो जाएंगे हार्दिक पटेल, गांधीनगर के पटेल कमलम् में लेंगे सदस्यता, पीएम मोदी को बताया भागीरथ

गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल 2 जून को भाजपा में शामिल हो जाएंगी। वे गांधीनगर के पटेल कमलम् में आयोजित कार्यक्रम में सदस्यता लेंगे। इससे पहले वे दुर्गापाठ, गोसेवा आदि भी करेंगे। उनके साथ 15 हजार कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल होंगे।

Hardik Patel in BJP : आज 11 बजे भाजपा के हो जाएंगे हार्दिक पटेल, गांधीनगर के पटेल कमलम् में लेंगे सदस्यता, पीएम मोदी को बताया भागीरथ
हार्दिक पटेल भाजपा में होंगे शामिल। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करेंगे राष्ट्र सेवा।

15 हजार कार्यकर्ताओं के साथ हार्दिक पटेल के भाजपा में शामिल होने का दावा

एसीएन टाइम्स @ वडोदरा । गुजरात चुनाव से पहले कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले हार्दिक पटेल गुरुवार को सुबह 11 बजे भाजपा के हो जाएंगे। दावा किया जा रहा है कि वे 15 हजार कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा (Hardik Patel Join BJP) में शामिल होंगे। इससे पहले हार्दिक ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रे सेवा करने का नया अध्याय शुरू करने की जानकारी दी। उन्होंने पीएम मोदी को ‘भागीरथ’ बताया है।

कभी मरते दम तक कांग्रेस नहीं छोड़ने का दावा करने वाले गुजरात के एग्रेसिव नेता हार्दिक पटेल ने पिछले दिनों कांग्रेस को तिलांजलि दे दी थी। उन्होंने इसके लिए अपनी उपेक्षा के साथ ही शीर्ष नेतृत्व पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उनके इस्तीफे के बाद से ही माना जा रहा था कि वे भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इन कयासों पर उन्होंने खुद ही ट्वीट कर मुहर लगा दी। हार्दिक ने गुरुवार को किए ट्वीट में स्पष्ट कर दिया कि वे राष्ट्र सेवा का नया अध्याय शुरू करने जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को भागीरथ बताते हुए उनके नेतृत्व में एक छोटे से सिपाही के रूप में राष्ट्र सेवा करने की जानकारी दी।

गांधीनगर में लेंगे भाजपा की सदस्यता  

हार्दिक पटेल गुजरात की राजनीति में एक उभरता सितारा बन चुके हैं। पाटीदार आंदोलन के कारण चर्चा में आए हार्दिक गुरुवार को गुजरात के गांधीनगर में आयोजित होने वाले एक समारोह में भाजपा में शामिल होंगे। आयोजन पटेल कमलम् में होगा। इसके पोस्टर भी जगह-जगह लगाए गए हैं। भाजपा में शामिल होने से पहले हार्दिक अपने घर पर दुर्गा पाठ करेंगे। इसके बाद SGVP गुरुकुल पर श्याम और धनश्याम की आरती करेंगे। साधु-संतों के साथ गौपूजन करेंगे। तत्पश्चात गुजरात भाजपा के प्रदेश प्रमुख की मौजूदगी में भाजपा  की सदस्यता लेंगे। उनके साथ 15 हजार कार्यकर्ताओं के भी भाजपा ज्वाइन होने की बात कही जा रही है। 

लंबे समय से थे कांग्रेस से नाराज, 18 मई को छोड़ था साथ

पाटीदार आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने के बाद वे 2019 में कांग्रेस में शामिल हुए थे। उन्होंने तब अपने एक ट्वीट में मरते दम तक कांग्रेस नहीं छोड़ने की बात कही थी। कांग्रेस ने उन्हें 11 जुलाई 2020 को प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। हालांकि वे कांग्रेस की रीति-नीति और नेताओं की उपेक्षा वाली कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं हुए। इसलिए गत 18 मई को उन्होंने कांग्रेस को अलविदा कह दिया था। गौरतलब है कि पीएम मोदी को यमराज से लेकर झूठा तक कहने वाले हार्दिक अब उन्हीं के नेतृत्व में राष्ट्र सेवा करने का वादा किया है।