कमल पुष्प अभियान में भाजपा पदाधिकारियों ने घर-घर जाकर किया बुजुर्ग नेताओं का सम्मान तो ताजा हो गईं पुरानी यादें

भाजपा द्वारा कमल पुष्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पदाधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर पार्टी के बुजुर्ग नेताओं का सम्मान किया जा रहा है।

Dec 30, 2021 - 04:16
Dec 30, 2021 - 04:17
 0
कमल पुष्प अभियान में भाजपा पदाधिकारियों ने घर-घर जाकर किया बुजुर्ग नेताओं का सम्मान तो ताजा हो गईं पुरानी यादें

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । आजादी के अमृत महोत्सव के तहत भाजपा के पितृ पुरुष कुशाभाऊ ठाकरे की स्मृति में कमल पुष्प अभियान चलाया जा रहा है। इसमें भाजपा नेता घर-घर जाकर पार्टी की स्थापना से पूर्व जनसंघ के समय में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से पार्टी का कार्य करने वाले वरिष्ठों का सम्मान कर रहे हैं। बुधवार को सम्मान पाकर कई बुजुर्ग नेता गद-गद हो गए।

जिला भाजपा सह मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार को शहर विधायक चेतन्य काश्यप, पार्टी के जिलाध्यक्ष, रतलाम ग्रामीण विधायक, अभियान के जिला प्रभारी मनोहर पोरवाल एवं विधानसभा प्रभारी प्रेम उपाध्याय ने वरिष्ठों के घर पहुंचकर सम्पर्क किया और पुरानी यादों को जीवंत कर उनका शाल-श्रीफल से सम्मान किया। भाजपा नेताओं ने मनोहर गली स्थित जनसंघ के जिलाध्यक्ष रहे मीसाबंधु 80 वर्षीय हजारीलाल मीणा के निवास पहुंचकर अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर मीणा ने अपने संस्मरण सुनाए।

पार्टी नेताओं ने जनसंघ के दौरान पार्षद रहे 76 वर्षीय जगदीश खण्डेलवाल का दिलबहार चौराहा स्थित दुकान पहुंचकर सम्मान किया। गुलमोहर कॉलोनी में जनसंघ के कर्मठ कार्यकर्ता 73 वर्षीय रामेश्वर खण्डेलवाल और टी.आई.टी. रोड पर 82 वर्षीय सुरेन्द्र तिवारी का सम्मान किया गया। इस दौरान जिला महामंत्री संगीता चारेल, उपाध्यक्ष बलवंत भाटी, मंडल अध्यक्ष आदित्य डागा, कृष्ण कुमार सोनी, महामंत्री राकेश परमार, मंडल प्रभारी सुरेश पापटवाल, रवि जौहरी, राजेश माहेश्वरी, भूपेन्द्र कावड़िया, कन्हैया मालवीय, योगेश पापटवाल, विपिन पोरवाल सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।