वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. जयकुमार जलज को दिया जाएगा जनवादी लेखक संघ का पहला 'दानिश अलीगढ़ी स्मृति सम्मान',  संस्था की बैठक में हुआ निर्णय

जनवादी लेखक संघ द्वारा स्थापित दानिश अलीगढ़ी स्मृति सम्मान वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. जयकुमार जलज को प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान वर्ष 2022 के लिए दिया जाएगा।

Jun 23, 2023 - 19:00
 0
वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. जयकुमार जलज को दिया जाएगा जनवादी लेखक संघ का पहला 'दानिश अलीगढ़ी स्मृति सम्मान',  संस्था की बैठक में हुआ निर्णय
डॉ. जयकुमार जलज, वरिष्ठ साहित्यकार।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । अपनी रचनाओं के माध्यम से देशभर में रतलाम का नाम रोशन करने वाले मरहूम शायर दानिश अलीगढ़ी की स्मृति में जनवादी लेखक संघ, रतलाम द्वारा 'दानिश अलीगढ़ी स्मृति सम्मान'  की स्थापना की गई है। वर्ष 2022 का प्रथम स्मृति सम्मान वरिष्ठ कवि एवं भाषाविद डॉ. जयकुमार जलज को प्रदान किया जाएगा।

यह उक्त निर्णय जनवादी लेखक संघ रतलाम की सम्मान समिति की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जलेसं अध्यक्ष रणजीत सिंह राठौर ने की। सम्मान निर्धारण समिति में वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. रतन चौहान, यूसुफ जावेदी एवं जनवादी लेखक संघ रतलाम के सचिव सिद्दीक़ रतलामी शामिल रहे।

150

जलेसं कोषाध्यक्ष कीर्ति शर्मा ने बताया कि उस्ताद शायर दानिश अलीगढ़ी ने अपनी ग़ज़लों के माध्यम से पूरे देशभर में बहुत ऊंचा स्थान प्राप्त किया था। रतलाम में उनकी स्मृतियां बनी रहे, इस उद्देश्य से जनवादी लेखक संघ द्वारा प्रतिवर्ष उनकी याद में यह सम्मान प्रदान की शुरुआत की गई है। यह सम्मान प्रतिवर्ष जनवादी लेखक संघ उर्दू विंग प्रदेश कार्यसमिति सह प्रभारी सिद्दीक़ रतलामी द्वारा संयोजित होगा। वर्ष 2022 के लिए वरिष्ठ कवि एवं भाषाविद डॉ. जयकुमार 'जलज' को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

500
200

किनारे से धार तक

डॉ. जयकुमार 'जलज'  देश के उन मूर्धन्य साहित्यकारों में शामिल हैं जिन्होंने छायावादी युगीन कवियों से लेकर आधुनिक कवियों तक के साथ रचनाधर्मिता की है। उन्होंने अपने समय को रचनाओं के माध्यम से परिभाषित किया है। 'किनारे से धार तक' पुस्तक के रचयिता डॉ. जयकुमार 'जलज' ने कविता, गीत एवं संस्मरण के साथ भाषा विज्ञान से संबंधित महत्वपूर्ण पुस्तकों की रचना की है।

56 से अधिक संस्करण हुए प्रकाशित

भगवान महावीर का बुनियादी चिंतन उनकी महत्वपूर्ण पुस्तक है, जिसका देश की विभिन्न भाषाओं में अनुवाद किया जाकर 56 से अधिक संस्करण प्रकाशित हो चुके हैं। भारतीय नाट्य शास्त्र पर डॉ. जलज के महत्वपूर्ण कार्य को देश में बहुत आदर के साथ स्वीकारा जाता है। डॉ. जलज को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है, इनमें कामता प्रसाद गुरु पुरस्कार, विश्वनाथ पुरस्कार, मध्य प्रदेश सरकार का भोज पुरस्कार, हिंदी साहित्य सम्मेलन का साहित्य सारस्वत पुरस्कार भी शामिल हैं।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।