अभियान राष्ट्र और स्वच्छता के नाम : हर घर तिरंगा और हर घर स्वच्छता अभियान 8 से 15 अगस्त तक, तीन चरण में होगा आयोजन

8 से 15 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा और हर घर स्वच्छता अभियान को लेकर अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने अफसरों को निर्देश दिए।

Aug 7, 2025 - 00:13
 0
अभियान राष्ट्र और स्वच्छता के नाम : हर घर तिरंगा और हर घर स्वच्छता अभियान 8 से 15 अगस्त तक, तीन चरण में होगा आयोजन
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर बैठक को संबोधित करती अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर-घर तिरंगा, हर घर  स्वच्छता स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग’ विषय पर आधारित अभियान रतलाम जिले में भी चलेगा। अभियान 8 से 15 अगस्त तक चलेगा।

इस अभियान को लेकर अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलेक्टर सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। इसमें संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित रहे। एडीएम श्रीवास्तव ने अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में बताया गया कि अभियान का शुभारंभ 8 अगस्त को गुलाब चक्कर पर होगा। यह तीन चरण में चलेगा।

ये गतिविधियां होंगी

प्रथम चरण : तिरंगा प्रेरित रचनात्मक गतिविधियां 8 अगस्त तक होंगी। इनमें तिरंगा कला, रंगोली प्रदर्शनी, राखी निर्माण, तिरंगा सजावट, स्वच्छता शपथ, सैनिकों को पत्र लेखन, जागरूकता रैली, पोस्टर-बैनर वितरण आदि गतिविधियां होंगी।

दूसरा चरण : सामुदायिक भागीदारी अभियान 9 से 12 अगस्त तक चलेगा। इसमें तिरंगा मेले, तिरंगा रैलियां, मानव शृंखला, तिरंगा यात्रा, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, स्कूल व युवाओं की सहभागिता आदि विषयों पर कार्यक्रम होंगे।

तीसरा चरण : ध्वजारोहण समारोह 13 से 15 अगस्त में होगा। इसमें हर घर, कार्यालय, वाहन पर ध्वजारोहण किया जाएगा। तिरंगा सेल्फी अपलोड, रिकॉर्ड बनाने की पहल, ध्वजारोहण स्थल की सफाई और झंडा सम्मान कार्यक्रम होंगे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।