हल्द्वानी में मंच ‘शुद्धिकरण’ से कांग्रेस में उबाल, वाहन रैली निकालकर जताया विरोध, एसडीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की
हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण के विरोध में रतलाम शहर कांग्रेस ने वाहन रैली निकाली और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मंच से भाषण देने के बाद कुछ व्यक्तियों द्वारा मंच का कथित रूप से “शुद्धिकरण” किया गया। इस घटना ने आग में घी डालने का काम किया है। शहर कांग्रेस ने घटना के विरोध में शुक्रवार को वाहन रैली निकाली। पार्टी के पदाधिकारियों ने संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध लागू कानूनी प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
रतलाम शहर कांग्रेस ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के भाषण के बाद मंच का “शुद्धिकरण” किया जाना केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं है, बल्कि यह संविधान की मूल भावना, सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है। ऐसी घटनाओं से समाज में भेदभाव की भावना को बढ़ावा मिलता है, इसलिए दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई आवश्यक है। शहर कांग्रेस ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम रतलाम को ज्ञापन भी सौंपा।
इससे पूर्व बाजना बस स्टैंड से कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा वाहन रैली निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए धानमंडी पहुंची। धानमंडी में पूर्व विधायक पारस सकलेचा, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष यास्मीन शेरानी, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट आदि ने संबोधित करते हुए घटना की निंदा की।
‘सभी को समानता और सम्मान का अधिकार देता है संविधान’
पदाधिकारियों ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समानता और सम्मान का अधिकार देता है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति के साथ जाति या सामाजिक पहचान के आधार पर भेदभावपूर्ण व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के विपरीत है। उन्होंने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
ये रहे उपस्थित
रजनीकांत व्यास, अमर सिंह शेखावत, शैलेंद्र सिंह अठाना, इक्का बेलूत, नितेश शर्मा, विजय उपाध्याय, प्रदीप राठौड़, रमेश पोरवाल, हरविंदर सिंह, राजेश प्रजापत, सोनू व्यास, वीरपाल सिंह राठौर एवं सुजीत उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





