80वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कलेक्टर अजय कटेसरिया और नगर निगम में महापौर प्रहलाद पटेल करेंगे ध्वजारोहण, अन्य संस्थाओं में भी होंगे आयोजन

रतलाम में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। मुख्य समारोह में कलेक्टर अजय कटेसरिया ध्वजारोहण करेंगे, जबकि नगर निगम में महापौर प्रहलाद पटेल ध्वजारोहण करेंगे।

80वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कलेक्टर अजय कटेसरिया और नगर निगम में महापौर प्रहलाद पटेल करेंगे ध्वजारोहण, अन्य संस्थाओं में भी होंगे आयोजन
80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को मनाया जाएगा।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम। जिले में स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड पर होगा। यहां कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अजय कटेसरिया मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। वहीं नगर निगम भवन पर महापौर प्रहलाद पटेल, आरडीए में अध्यक्ष मनोहर पोरवाल तथा रेल मंडल मुख्यालय पर डीआरएम अश्विनी कुमार ध्वजारोहण करेंगे।

जानकारी के अनुसार जिला स्तरीय मुख्य समारोह में प्रातः 8:58 बजे मुख्य अतिथि अजय कटेसरिया का आगमन एवं स्वागत होगा। प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण, राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति होगी व परेड की सलामी ली जाएगी। 09:10 बजे कटेसरिया परेड का निरीक्षण करेंगे। हर्ष फायर होगा, मार्च पास्ट भी होगा। 09:30 बजे से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का लाइव प्रसारण होगा। 10.00 बजे मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, 10:10 बजे परेड कमांडरों से परिचय, लोकतंत्र सेनानियों, देहदान और अंगदान करने वालों के परिजन का सम्मान होगा। 10:30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति तथा 11 बजे पुरस्कार वितरण, राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

निगम भवन पर महापौर प्रहलाद पटेल आज करेंगे ध्वजारोहण

निगम भवन पर प्रातः 7.30 बजे महापौर प्रहलाद पटेल ध्वजारोहण करेंगे। समारोह में निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया, निगम आयुक्त अनिल भाना, महापौर परिषद के सदस्य के अलावा पार्षद, नव नियुक्त एल्डरमैन तथा निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहेंगे।

पशुवध और मांस विक्रय पर रहेगी रोक

निगम आयुक्त अनिल भाना ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के आदेशानुसार 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) पर नगर सीमा में स्थित समस्त पशुवध गृह एवं मांस विक्रय की दुकानों पर पशुवध करना, मटन, गोश्त विक्रय करना अथवा बेचना निषेध किया गया है। आयुक्त ने संबंधित स्वच्छता निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि उक्त दिवस को पशुवध करते या मटन-गोश्त विक्रय करते पाया जाए तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

डीआरएम बताएंगे पश्चिम रेलवे की उपलब्धियां

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को सुबह 9.30 बजे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय प्रांगण में मंडल रेल प्रबंधक अश्विनी कुमार ध्वजारोहण करेंगे। वे मंडल की उपलब्धियों एवं महाप्रबंधक, पश्चिम रेलवे के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन करेंगे।

रतलाम ऑटो गैरेज एसोसिएशन रामगढ़ क्षेत्र में करेगा ध्वजारोहण

रतलाम ऑटो गैरेज एसोसिएशन द्वारा स्वतंत्रता दिवस रामगढ़ क्षेत्र में मनाया जाएगा। यहां सुबह 9.30 बजे मुख्य अतिथि सोनू व्यास, एसोसिएशन अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं गैरेज संचालकों की उपस्थिति में ध्वजारोहण करेंगे। आयोजन को लेकर गत दिवस बैठक आहूत की गई। इसमें रतलाम विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बनने पर एसोसिएशन अध्यक्ष गोविंद काकानी का स्वागत कर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर एसोसिएशन के महासचिव राजेश रांका, उपाध्यक्ष दिलीप शर्मा, सचिव साबिर रहमानी, नरेश बौरासी, पुष्पेंद्र, मोहन कसेरा, प्रहलाद पाटीदार, मजहर सहित पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। आभार दिलीप शर्मा ने व्यक्त किया।

ये भी पढ़ें