RDA नगर विकास योजना-02 : 140.81 रुपए से विकसित होगा त्रिवेणी मेला परिसर के पास होगा विकास, मंत्री चेतन्य काश्यप ने दिया जनसुविधाओं पर विशेष जोर
रतलाम विकास प्राधिकरण की नगर विकास योजना-02 की समीक्षा मंत्री चैतन्य काश्यप ने की। 140.81 करोड़ रुपए की लागत से 70.128 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाली योजना में जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
त्रिवेणी मेला स्थल के समीप विकसित होगी योजना, नियोजन की कमियां दूर करने के निर्देश
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम विकास प्राधिकरण द्वारा त्रिवेणी मेला स्थल के समीप प्रस्तावित नगर विकास योजना क्रमांक-02 की समीक्षा राज्य शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने अपने कार्यालय में आयोजित बैठक में की। समीक्षा के दौरान उन्होंने योजना में जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा इसे अधिक से अधिक जनोपयोगी स्वरूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
बैठक में योजना के वास्तुविद एवं परामर्शदाता संस्था अर्बन लिंक्स, इंदौर के प्रबंध संचालक मयंक जगवानी ने पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजना के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने आवासीय एवं व्यावसायिक भूखंडों के साथ-साथ जनसुविधाओं से जुड़े प्रस्तावित प्रावधानों का प्रस्तुतीकरण किया।
समीक्षा के दौरान मंत्री काश्यप ने योजना के नियोजन में मौजूद कमियों को विशेष रूप से चिह्नित करते हुए उन्हें दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का विकास इस प्रकार किया जाए कि नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और इसका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।
ये भी पढ़ें
140.81 करोड़ रुपए की लागत से होगा विकास
प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित नगर विकास योजना-02 के अंतर्गत लगभग 70.128 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकास कार्य किए जाने हैं। योजना की अनुमानित लागत 140.81 करोड़ रुपए निर्धारित की गई है। योजना का मानचित्र नगर तथा ग्राम निवेश विभाग द्वारा स्वीकृत किया जा चुका है।
ये उपस्थित रहे
बैठक में महापौर प्रहलाद पटेल, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी एवं प्रवीण सोनी, प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार शर्मा तथा प्राधिकरण के कर्मचारी राजेश उपाध्याय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें







