दिनदहाड़े नथ लूटने वाले 2 बदमाश 10 घंटे में दबोचे, दो जिलों में महिलाओं को बना रहे थे निशाना
रतलाम में दिनदहाड़े महिलाओं की नथ लूटने वाले दो शातिर बदमाशों को माणकचौक पुलिस और साइबर सेल ने 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। दो वारदातों का खुलासा, सोने की नथ, बाइक, मोबाइल और नकदी बरामद।
माणकचौक पुलिस और साइबर सेल की ताबड़तोड़ कार्रवाई, दो वारदातों का खुलासा; सोने की नथ, बाइक, मोबाइल और नकदी बरामद
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । महिलाओं को निशाना बनाकर दिनदहाड़े सोने की नथ लूटने वाले दो शातिर बदमाशों को रतलाम पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। माणकचौक पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों से दो लूट की वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने उनके कब्जे से लाखों रुपए मूल्य की सोने की नथ, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है।
एसपी अमित कुमार ने वारदात का खुलासा पत्रकार वार्ता में किया। उन्होंने बताया कि 1 जून 2026 को फरियादी जगदीश मईड़ा ने माणकचौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि दोपहर करीब 12:30 बजे बाजना बस स्टैंड क्षेत्र में दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनकी पत्नी को डराकर नाक में पहनी सोने की नथ छीन ली और फरार हो गए। रिपोर्ट के आधार पर माणकचौक थाने में अपराध क्रमांक 273/2026 के तहत धारा 309(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में प्रकरण दर्ज किया गया।
एसपी के निर्देशन में एएसपी विवेक कुमार एवं सीएसपी अजय सारवान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर तंत्र की सहायता से संदिग्धों की पहचान की। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने बाजना बस स्टैंड क्षेत्र में महिला से नथ लूटने की वारदात कबूल कर ली।
ये भी पढ़ें
रावटी क्षेत्र की वारदात भी कबूली
एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 30 मई 2026 को थाना रावटी क्षेत्र में भी एक महिला की नाक से सोने की नथ छीनने की घटना को अंजाम देना भी स्वीकार किया। इस मामले में थाना रावटी में अपराध क्रमांक 357/2026 दर्ज है। आरोपियों ने रावटी से लूटी गई नथ को 30 हजार रुपए में गिरवी रखने की जानकारी दी, जिसे पुलिस ने उनके मेमोरेण्डम के आधार पर बरामद कर लिया।
ये हुए गिरफ्तार
- विष्णु पिता बागजी मईड़ा (19) निवासी नरसिंग नाका, थाना रावटी, जिला रतलाम।
- मोहन पिता शैतान भाभर (19) निवासी मलवासी नाका, थाना रावटी, जिला रतलाम।
बरामद हुआ सामान
- सोने की एक नथ (लगभग 5 ग्राम) - कीमत लगभग 80 हजार रुपए।
- एक सोने की नथ (लगभग 9 ग्राम) - कीमत लगभग 1 लाख 30 हजार रुपए।
- मोटरसाइकिल क्रमांक MP43 ZN 7458 - कीमत लगभग 90 हजार रुपए।
- नकद 26,150 रुपए।
- दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन
ये भी पढ़ें
इनकी रही अहम् भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान (थाना प्रभारी माणकचौक), निरीक्षक सुरेन्द्र गाडरिया (थाना प्रभारी रावटी), सहायक उप निरीक्षक आशीष मांगरिया, प्रधान आरक्षक राजेश मईड़ा, दीपक बौरासी, राजसिंह, आरक्षक हेमन्त यादव, महेश मईड़ा, जीवन विश्वकर्मा, प्रवीणा, सीसीआर आरक्षक देवेन्द्रसिंह डोडिया, मानसिंह मकवाना, चंदर मार्को, अशरफ, वीरेंद्र तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, आरक्षक मयंक व्यास, राहुल पाटीदार, तुषार सिसौदिया, बहादुर सिंह और प्रेमप्रकाश की विशेष भूमिका रही।
ये भी पढ़ें







