दास्तान-ए-26/11 की दर्दनाक रात ! कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ का ट्रेलर रिलीज, ये कहानी है मुंबई में आतंकी हमले के बीच नर्सों की बहादुरी की
कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल में नर्सों और मेडिकल स्टाफ की बहादुरी की सच्ची कहानी पर आधारित है।
कामा अस्पताल में फंसे सैकड़ों लोगों को बचाने के संघर्ष पर आधारित फिल्म, 12 जून को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
एसीएन टाइम्स @ मुंबई । अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। वास्तविक घटनाओं से प्रेरित यह फिल्म 26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात नर्सों और मेडिकल स्टाफ के साहस, समर्पण और मानवता की कहानी को पर्दे पर लाती है। ट्रेलर के सामने आते ही 26/11 हमलों की दर्दनाक यादें एक बार फिर ताजा हो गई हैं।
करीब 2 मिनट 24 सेकंड लंबे ट्रेलर में मुंबई पर हुए आतंकी हमलों की भयावह परिस्थितियों के बीच अस्पताल के भीतर चल रहे संघर्ष को दिखाया गया है। फिल्म का फोकस उन स्वास्थ्यकर्मियों पर है जिन्होंने जान का जोखिम उठाकर अस्पताल में मौजूद मरीजों और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया था।
‘भारत भाग्य विधाता’ 12 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर इसकी टक्कर इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ से देखने को मिल सकती है।
नर्सों की अनसुनी कहानी को मिला सिनेमाई रूप
फिल्म केवल आतंकी हमले की कहानी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नर्सिंग पेशे से जुड़े सामाजिक नजरिए, चुनौतियों और जिम्मेदारियों को भी सामने लाती है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि समाज अक्सर नर्सों के योगदान को पर्याप्त महत्व नहीं देता, जबकि संकट की घड़ी में वही सबसे आगे खड़ी दिखाई देती हैं।
कहानी का मुख्य आधार कामा अस्पताल में घटी वे घटनाएं हैं, जब आतंकियों ने अस्पताल परिसर में प्रवेश कर गोलीबारी की थी। उस दौरान अस्पताल के कर्मचारियों, नर्सों और सपोर्ट स्टाफ ने असाधारण साहस का परिचय देते हुए कई लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
ये भी पढ़ें
नर्स के किरदार में दिखीं कंगना रनौत
फिल्म में कंगना रनौत एक नर्स की भूमिका निभा रही हैं। ट्रेलर में उनका किरदार अपने पेशे के प्रति समर्पण और मरीजों की सुरक्षा के लिए हर चुनौती का सामना करता नजर आता है। एक दृश्य में वह नर्सिंग पेशे की शपथ को याद करते हुए लोगों की जान बचाने के लिए संघर्ष करती दिखाई देती हैं। कंगना के साथ अभिनेत्री गिरिजा ओक भी नर्स के महत्वपूर्ण किरदार में नजर आ रही हैं। ट्रेलर में दोनों कलाकारों के भावनात्मक और चुनौतीपूर्ण दृश्यों को प्रमुखता से दिखाया गया है।
मनोज तापड़िया ने संभाली कमान
फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ का लेखन और निर्देशन मनोज तापड़िया ने किया है। वहीं कंगना रनौत ने पेन इंडिया के सहयोग से इस फिल्म का निर्माण भी किया है। फिल्म में कंगना रनौत के अलावा गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, सुहिता थाटे, आशा शेलार, प्रिया बेर्डे, ईशा डे, रसिका अघासे, अमृता नामदेव, आदित्य मिश्रा और जाहिद खान भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
ये भी पढ़ें






