पेट्रोल-डीजल अलर्ट ! लाखों लीटर पेट्रोल और डीजल का स्टॉक है जिले में, अधिकारी कर रहे मॉनिटरिंग, इसलिए अफवाहों पर न दें ध्यान

अफवाहों के चलते रतलाम में पेट्रोल पम्पों पर वाहन चालकों की कतारें लग रही हैं। प्रशासन ने लोगों से ऐसी अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी है।

Mar 25, 2026 - 01:20
 0
पेट्रोल-डीजल अलर्ट ! लाखों लीटर पेट्रोल और डीजल का स्टॉक है जिले में, अधिकारी कर रहे मॉनिटरिंग, इसलिए अफवाहों पर न दें ध्यान
पेट्रोल पम्प पर लगी वाहन चालकों की कतार।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । पेट्रोल और डीजल की कमी न तो देश में है और न ही हमारे रतलाम जिले में। जिले में दोनों ही प्रकार के ईंधन का स्टॉक लाखों लीटर में है। आपको पेट्रोल-डीजल मिलने में समस्या नहीं आए, इसके लिए अधिकारी सभी पम्पों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और स्टॉक भी चैक कर रहे हं। इसलिए आप अफवाहों पर ध्यान नहीं दें और पम्पों पर अनावश्यक भीड़ नहीं न लगाएं।

सोमवार शाम से अचानक ही पेट्रोल-डीजल पम्पों पर भीड़ बढ़ने लगी। वजह रतलाम शहर का एक पट्रोल पम्प का बंद होना रहा। यह पम्प संचालक के परिवार में कोई कार्य होने से बंद हुआ। हालांकि, इसके बाद एक और पम्प बंद होने की भी खबर सोशल मीडिया पर साझा हुई तो लोगों में तनाव बढ़ना शुरू हो गया। यह तनाव मंगलवार को भी पूरे दिन देखने को मिला। पेट्रोल-डीजल पम्पों पूरे दिन वाहनों चालकों की भीड़ देखने को मिली।

प्रशासन ने दिखाई सक्रियता, अधिकारियों ने किया निरीक्षण

स्थिति बेकाबू न हो इसके लिए कलेक्टर मिशा सिंह ने राजस्व अधिकारियों को पेट्रोल पम्पों का निरीक्षण कर स्टॉक चैक करने के आदेश दिए। आदेश मिलते ही राजस्व अधिकारी पेट्रोल पम्पों पर जा धमके और वहां उपलब्ध डीजल-पेट्रोल का स्टॉक जांचा। उन्होंने पम्प संचालकों और स्टाफ को हिदायत दी कि वे किसी को भी ड्रम, कैन, बोतल आदि में डीजल-पेट्रोल नहीं दें। वहां मौजूद लोगों को भी समझाइश दी और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने के लिए कहा। अधिकारियों ने बताया कि पम्पों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है।

कहां किसने किया निरीक्षण

नायब तहसीलदार पिन्की साठे ने रतलाम के साक्षी पेट्रोल पम्प, तहसीलदार रतलाम शहर ऋषभ ठाकुर ने पटेल पेट्रोल पंप, बाजना तहसीलदार मनीष जैन ने बाजना क्षेत्र के पेट्रोल पम्प का निरीक्षण किया। जावरा एसडीएम सुनील जयसवाल ने जावरा क्षेत्र में, रतलाम ग्रामीण एसडीएम विवेक सोनकर ने रतलाम ग्रामीण के पेट्रोल पम्पों पर स्टॉक का सत्यापन किया।

जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद गोले ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। ऑयल कंपनियों से मिली जानकारी के अनुसार 24 मार्च की स्थिति में जिले के 184 पेट्रोल पम्पों पर 13 लाख 26 हजार लीटर पेट्रोल और 16 लाख 16 हजार लीटर डीजल उपलब्ध है। गोले ने नागरिकों से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें और पेट्रोल-डीजल को लेकर सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें।

फिर भी नहीं दिखा हिदायत का असर

पेट्रोल पम्प संचालकों और स्टाफ को स्पष्ट आदेश दिए जाने के बाद भी वहां लोगों को कैन, ड्रम और बोतल में पेट्रोल और डीजल दिया जा रहा है। राजस्व अधिकारियों की मंगलवार को दी गई चेतावनी भी बेअसर नजर आई। लोग बड़ी-बड़ी कैन और ड्रम लेकर उनमें डीजल-पेट्रोल भरवाते नजर आए।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।