रतलाम के भुवनेश की रचनात्मक उड़ान ! ‘रामायण’ फिल्म में रावण का सिंहासन और पुष्पक विमान रचने में निभाई अहम भूमिका
रतलाम के भुवनेश काले ने फिल्म रामायण की कॉन्सेप्ट डिजाइनिंग, एडिटिंग और पोस्टर डिजाइनिंग में अहम योगदान दिया। DNEG की टीम में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई, अब अगले भाग की तैयारी में जुटे हैं।
-
अंतरराष्ट्रीय तकनीशियनों से लेकर निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी तक हुए प्रतिभा के मुरीद
-
ऑस्कर विजेता VFX स्टूडियो DNEG की टीम में बनाई पहचान, फिल्म की कॉन्सेप्ट डिजाइनिंग
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । बड़े पर्दे पर जब रावण का विशाल सिंहासन दर्शकों को उसकी सत्ता और वैभव का अहसास कराता है, जब पुष्पक विमान अपनी भव्यता के साथ दिखाई देता है और जब किसी रहस्यमयी वन का एक-एक पेड़ कहानी का हिस्सा बनकर जीवंत हो उठता है, तब इन दृश्यों के पीछे सिर्फ तकनीक नहीं, बल्कि कल्पनाशीलता और महीनों की रचनात्मक मेहनत शामिल होती है। भारतीय सिनेमा के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट 'रामायण' के ऐसे ही कई भव्य दृश्यों को आकार देने वाली टीम में रतलाम के भुवनेश काले ने अपनी खास जगह बनाई है।
गौशाला रोड, रतलाम के निवासी भुवनेश की प्रतिभा का दायरा केवल कॉन्सेप्ट डिजाइनिंग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एडिटिंग और फिल्म की पोस्टर डिजाइनिंग में भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। फिल्म के क्रेडिट टाइटल में तीन अलग-अलग टीमों के अंतर्गत उनका नाम दर्ज होना उनकी बहुआयामी भूमिका का प्रमाण है। उनकी उपलब्धि इसलिए भी खास है कि जिस अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण जगत में जगह बनाने का सपना उन्होंने देखा था, वहां आज वे विश्वस्तरीय तकनीशियनों के साथ काम कर रहे हैं। उनकी रचनात्मक क्षमता से प्रभावित होने वालों में ऑस्कर विजेता VFX स्टूडियो DNEG के वरिष्ठ तकनीशियन ही नहीं, बल्कि फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी भी शामिल हैं। करीब तीन वर्षों से रामायण के निर्माण से जुड़े भुवनेश दीपावली मनाने रतलाम आए थे। फिलहाल वे यहीं रहकर फिल्म के अगले भाग की प्री-प्रोडक्शन प्रक्रिया में कॉन्सेप्ट डिजाइनिंग का काम कर रहे हैं।
रिज्यूमे भेजकर बनाई पहुंच
भुवनेश की अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत तक पहुंचने की कहानी किसी सुनियोजित फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। कोरोना काल के बाद वे घर से ही फ्रीलांसर के रूप में ग्राफिक डिजाइनिंग सहित अन्य रचनात्मक काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने दुनिया की बड़ी फिल्मों के निर्माण से जुड़ने का लक्ष्य तय किया। इसके लिए उन्होंने अपनी एक विश लिस्ट बनाई, जिसमें 'रामायण', 'कल्कि' और 'वाराणसी' जैसी फिल्मों को शामिल किया। योजना थी कि इन फिल्मों के प्रोडक्शन हाउस को अपना रिज्यूमे भेजकर किसी तरह संबंधित टीम तक पहुंच बनाई जाए।
ये भी पढ़ें
वेबसीरीज की शूटिंग के दौरान खुला पहला रास्ता
इस दिशा में पहला रास्ता वर्ष 2022 में रतलाम में हुई एक वेबसीरीज की शूटिंग के दौरान खुला। वेबसीरीज के निर्देशक अंकुर वर्मा थे, जो 'डेल्ही बेली' फिल्म का निर्देशन भी कर चुके हैं। शूटिंग के दौरान भुवनेश ने वेबसीरीज की तकनीकी टीम के साथ काम किया। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद वे फिर अपने फ्रीलांस काम में जुट गए। इसके करीब कुछ समय बाद जनवरी 2024 में उनके पास एक अप्रत्याशित फोन आया। दूसरी ओर से विश्वप्रसिद्ध वीएफएक्स स्टूडियो DNEG की टीम थी। भुवनेश को मुंबई पहुंचकर काम शुरू करने के लिए महज दो दिन का समय दिया गया था। शुरुआत में इतनी जल्दी मुंबई जाने को लेकर वे असमंजस में थे, लेकिन जब उन्हें पता चला कि DNEG रामायण फिल्म के निर्माण से जुड़ा है, तो उन्होंने देर नहीं की। उनकी विश लिस्ट में सबसे ऊपर इसी फिल्म का नाम था। लिहाजा उन्होंने मुंबई जाने का फैसला कर लिया।
मामूली शुरुआत से बड़ी जिम्मेदारी तक का सफर
मुंबई पहुंचने के बाद शुरुआती छह महीने उनके लिए आसान नहीं थे। नाममात्र के वेतन पर स्टूडियो के छोटे-मोटे काम करने पड़े। लेकिन भुवनेश ने इस दौर को अपनी क्षमता साबित करने के अवसर के रूप में लिया। महज दो-ढाई महीने में ही उनके काम ने स्टूडियो के अनुभवी तकनीशियनों का ध्यान खींच लिया। जल्द ही उन्हें रामायण की कॉन्सेप्ट डिजाइनिंग टीम में शामिल कर लिया गया और धीरे-धीरे उनकी जिम्मेदारियां भी बढ़ती चली गईं।
रामायण का कैनवास बेहद विशाल था। फिल्म के प्रत्येक दृश्य में भव्यता के साथ वास्तविकता का अहसास पैदा करना बड़ी चुनौती थी। मसलन, दंडकारण्य के शापित वन को इस तरह गढ़ना था कि वहां के पेड़, उनकी शाखाएं और पूरा वातावरण किसी रहस्यमयी अभिशाप से प्रभावित दिखाई दे। इसी तरह कुबेर की लंका के करीब 200 फीट ऊंचे मुख्य द्वार की डिजाइन में भी विशालता के साथ वास्तविक संरचना का प्रभाव पैदा करना था। ऐसे अनेक दृश्यों की कल्पना को दृश्य रूप देने में भुवनेश की भूमिका रही।
ये भी पढ़ें
रावण के सिंहासन से पुष्पक विमान तक, कल्पना को दिया आकार
फिल्म में रावण का भव्य सिंहासन तैयार करने की प्रक्रिया भुवनेश की रचनात्मक भूमिका को समझने का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। सबसे पहले वे सिंहासन का स्केच तैयार करते थे। इसके बाद यह डिजाइन वीएफएक्स टीम को सौंपा जाता, जो उसे डिजिटल रूप में विकसित करती थी। तैयार मॉडल दोबारा भुवनेश के पास आता, ताकि उसकी बारीकियों और संभावित सुधारों पर काम किया जा सके। डिजाइन के अंतिम रूप लेने के बाद उसे निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नीतेश तिवारी के सामने प्रस्तुत किया जाता था। उनकी स्वीकृति मिलने के बाद ही उसे फिल्म का हिस्सा बनाया जाता था।
रावण का पुष्पक विमान, उसके अस्त्र-शस्त्र और जटायु के घाव जैसे दृश्यों के कॉन्सेप्ट तैयार करने में भी भुवनेश का योगदान रहा। यानी उनका काम केवल किसी दृश्य की सुंदरता तय करने तक सीमित नहीं था, बल्कि कहानी के अनुरूप उसके रूप, संरचना और प्रभाव की कल्पना करना भी उनकी जिम्मेदारी थी।
ये भी पढ़ें
स्टूडियो में ही गुजरी कई रातें
इस सफर की कीमत भी उन्हें कड़ी मेहनत से चुकानी पड़ी। कई-कई दिन तक घर जाने का समय नहीं मिलता था। कई बार स्टूडियो में ही रात गुजारनी पड़ती थी। काम का दबाव इतना रहता था कि कपड़े बदलने तक की फुर्सत नहीं मिल पाती थी। लेकिन जिस फिल्म से जुड़ने का सपना लेकर वे मुंबई पहुंचे थे, उसके निर्माण में अपनी पहचान बनाने का जुनून उन्हें लगातार आगे बढ़ाता रहा।
विदेशी तकनीशियनों से मिला मार्गदर्शन और सम्मान
भुवनेश के लिए इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी उपलब्धियों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी फिल्मकारों और तकनीशियनों के साथ काम करने का अवसर भी शामिल है। शुरुआत में संघर्ष करने वाले भुवनेश को जब वरिष्ठ सहयोगियों ने काम करते देखा तो उनकी प्रतिभा को पहचान मिली। DNEG के सुपरवाइजिंग प्रोडक्शन डिजाइनर रेमदे एवरे और प्राइम फोकस स्टूडियो के सुपरवाइजिंग आर्ट डायरेक्टर डेविड लाजान जैसे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त तकनीशियनों से उन्हें लगातार मार्गदर्शन और स्नेह मिला।
ये भी पढ़ें
रामायण के अगले भाग की भी जिम्मेदारी
रामायण के अगले भाग की तैयारी शुरू हो चुकी है और भुवनेश इसमें भी सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। फिलहाल वे रतलाम स्थित अपने घर से ही अगले भाग के लिए कॉन्सेप्ट डिजाइनिंग का काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक, फिल्म के पहले भाग का काम पूरा होने के बाद अधिकतर तकनीशियनों और डिजाइनिंग टीम के सदस्यों को फिलहाल काम से मुक्त कर दिया गया है, लेकिन उन्हें लगातार जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। पहले रामायण के अगले भाग को वर्ष 2027 में रिलीज करने की तैयारी थी, लेकिन अब इसकी रिलीज वर्ष 2028 में प्रस्तावित है। इस तरह भुवनेश का सफर एक फिल्म के साथ समाप्त नहीं हुआ, बल्कि अब वे उसकी अगली कड़ी की रचनात्मक तैयारी में भी जुटे हैं।
ये भी पढ़ें
इंजीनियरिंग नहीं, कला और डिजाइनिंग को चुना अपना रास्ता
भुवनेश की इस उपलब्धि के पीछे बचपन से विकसित हुई चित्रकला और डिजाइनिंग के प्रति रुचि की भी अहम भूमिका रही है। उनकी स्कूली शिक्षा रतलाम के केंद्रीय विद्यालय में हुई। उन्होंने गणित और विज्ञान विषयों के साथ बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी, लेकिन उनका मन इंजीनियरिंग की ओर नहीं था। वे कला, चित्रकला और डिजाइनिंग के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते थे।
उनके पिता मनोज काले करियर काउंसलर हैं। भुवनेश की रुचि को समझते हुए माता-पिता सुन्दना और मनोज ने उन्हें अपनी पसंद के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इसी निर्णय के चलते वर्ष 2017 में उन्होंने प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक सुभाष घई द्वारा संचालित व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल में प्रवेश लिया। यहां से उन्होंने बैचलर ऑफ आर्ट्स इन एनिमेशन फिल्म मेकिंग एंड डिजाइन की डिग्री हासिल की।
ये भी पढ़ें










