RDA के नवनियुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य ने किया मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत-अभिनंदन, CM बोले- ‘ओर है न छोर है, यह सुशासन का दौर है’

रतलाम विकास प्राधिकरण के पदाधिकारियों ने भोपाल में CM डॉ. मोहन यादव का स्वागत किया। सुशासन, विकास और नई नियुक्तियों को लेकर मुख्यमंत्री का बड़ा बयान।

May 6, 2026 - 23:51
May 7, 2026 - 00:22
 0
RDA के नवनियुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य ने किया मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत-अभिनंदन, CM बोले- ‘ओर है न छोर है, यह सुशासन का दौर है’
रतलाम विकास प्राधिकरण के पदाधिकारियों द्वारा आयोजित स्वागत अभिनंदन समारोह को संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।

एसीएन टाइम्स @ भोपाल / रतलाम । रतलाम विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों ने बुधवार को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुँचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का परंपरानुसार स्वागत अभिनन्दन किया। इस दौरान सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप उपस्थित रहे।

Google NewsFollow Us

रतलाम के समाजजन, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं मनोनीत पदाधिकारियों द्वारा आयोजित स्वागत एवं धन्यवाद समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जैसी नीयत होती है, ऊपरवाला वैसी ही बरकत देता है। हमारा प्रदेश आज देश में सुशासन के जरिए लोक कल्याण का पर्याय बन चुका है। लोक कल्याण के अवसर सबको मिलते हैं, लेकिन जो हृदय की गहराइयों से लोगों के कल्याण की सोच रखते हैं, ईश्वर उसकी मदद करते हैं। हमारी सरकार लोक कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्ध सोच, कर्मठता, समर्पण और नवाचारों के साथ आगे बढ़ रही है। आज प्रदेश के हर कोने में, हर छोर में सुशासन का दौर है।

ये भी पढ़ें

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने ‘‘विरासत से विकास’’ की अपनी परम्परा को कायम रखते हुए जनहित में अधिकाधिक नवाचार अपनाकर प्रदेश की तरक्की के नए रास्ते बनाए हैं। प्रदेश की जनता की सेवा, कल्याण और सबके जीवन में खुशहाली लाने में हम कोई कसर नहीं रखेंगे। उन्होंने कहा कि ‘‘सच्चा वादा- पक्का काम’’ यही हमारी सरकार का मूलमंत्र है। प्रदेश में धार्मिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और वन पर्यटन बढ़ाने के लिए हम भरपूर प्रयास कर रहे हैं। पर्यटन बढ़ेगा तो प्रदेश में रोजगार बढ़ेंगे और इसका सीधा लाभ हमारे अपने नागरिकों को होगा। सरकार द्वारा अभी और भी आयोग-निगम-मंडलों एवं विकास प्राधिकरणों में नियुक्ति की जाएंगी। प्रदेश की जनता के कल्याण के लिए सभी सुयोग्य व्यक्तियों को अवसर दिया जाएगा।

MSME मंत्री काश्यप ने दोहराई रतलाम के विकास की प्रतिबद्धता

एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप ने इस अवसर पर रतलाम के विकास की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में विकसित मध्यप्रदेश के साथ विकसित रतलाम का संकल्प व्यक्त किया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव का रतलाम विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, प्राधिकरण के उपाध्यक्षद्वय गोविंद काकानी एवं प्रवीण सोनी, सदस्य राजेन्द्रसिंह गोयल, राजेन्द्र मौर्य, धीरज व्यास, राखी व्यास एवं किरण महावर ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन करके उन्हें जनकल्याण का सेवा दायित्व देने के लिए आभार ज्ञापित किया।

इस दौरान महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय मंचासीन रहे। संचालन जिला महामंत्री जयवंत कोठारी ने किया।

ये भी पढ़ें



प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल का भी अभिनन्दन किया

रतलाम विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित समारोह से पूर्व प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुँचकर प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल का भी एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप की उपस्थिति में स्वागत, अभिनन्दन किया और नियुक्ति के लिए आभार जताया। उन्होंने प्रदेश कार्यालय परिसर में स्थित भाजपा के पितृपुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद भी लिया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय सहित पार्टी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।