कौन है यह युवती ? जिसने MP के उद्योग मंत्री के लिए कहे अपशब्द, उन्हें रेपिस्ट भी कह दिया, बोली- मंत्री होगा आपका, मेरे तो पैर छू लेगा

एक युवती द्वारा मप्र के उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के लिए अपशब्द और उन्हें रेपिस्ट कहने का वीडियो वायरल हो रहा है। यह धार जिले के बदनावर के एक होटल का बताया जा रहा है।

Dec 15, 2022 - 22:12
Dec 15, 2022 - 23:29
 0
कौन है यह युवती ? जिसने MP के उद्योग मंत्री के लिए कहे अपशब्द, उन्हें रेपिस्ट भी कह दिया, बोली- मंत्री होगा आपका, मेरे तो पैर छू लेगा
मप्र के उद्योग मंत्री राजवर्धन दत्तीगांव पर आरोप लगाने वाली युवती होटल में हंगामा करती हुई।

वीडियो हो रहा वायरल, धार जिले के बदनावर के एक होटल का बताया जा रहा मामला

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसमें एक युवती एक होटल में हंगामा करती नजर आ रही है। उसने मप्र के उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के लिए अपशब्द कहे। युवती ने मंत्री को रेपिस्ट तक कह दिया। मंत्री समर्थकों के आपत्ति जताने पर उसका कहना था कि “आपका मंत्री मेरे पैर भी छुएगा।”

वायरल वीडियो धार जिले के बदवावर के प्राचीश्री रिसॉर्ट का बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक युवती यहां रिसॉर्ट के मैनेजर की सहमति के बिना रुकी थी। जानकारी मिलने पर मैनेजर ने उससे आईडी प्रूफ मांगा तो वह भड़क गई। उसने मप्र के उद्योग मंत्री एवं विधायक राजवर्धन सिंह दत्तीगांव से अपने संबंधों का हवाला दे दिया।  उसका कहना था कि- ‘आपका होटल है, तो उस समय आप आईडी नहीं मांग रहे थे। मैंने कितनी बार बोला, ऑनर को भेजिए। हम आपके रिसॉर्ट में आने तक नहीं वाले थे लेकिन राजवर्धन ने बोला। राजवर्धन अब भी बोलेगा। चलिए, मेरे साथ। मंत्री महोदय को अभी मैं लेकर आती हूं, रुक जाओ, रोएगा।’

इस बार नहीं मिलेगा टिकट, हम यहां बर्बाद करने आए हैं

इस हंगामे का किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसमें वह कह रही है हैलो ! मंत्री महोदय होगा आपका। आपका मंत्री कौन है, पता है, आपको ? रेपिस्ट है।’ उसने एक व्यक्ति की ओर इशारा करते हुए कहा कि- ‘पता है, ये कौन है ? मंत्री महोदय इनसे बहुत नीचे है। मंत्री महोदय पैर छू लेंगे। मेरे साथ चलो, देख लेना, वो मेरे भी पैर छू लेंगे। इस बार वोट नहीं देगा, इस बार टिकट भी नहीं मिलेगा, इतना मैं गारंटी उठाती हूं। युवती ने यह भी कहा कि- ‘अब मैं यहीं रहुंगी और दिखाऊंगी राजा साहब को। हम आए ही हैं उसको बर्बाद करने।’

पहले जताते रहे आपत्ति, मोबाइल पर कुछ दिखाया तो चुप हो गए

वीडियो में युवती द्वारा मंत्री के विरुद्ध कहे गए अपशब्दों पर कुछ लोग विरोध भी जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि- दत्तीगांव हमारे सम्माननीय विधायक और मंत्री हैं। हमारे राजा हैं। उनके विरुद्ध इस तरह अपशब्ध नहीं कह सकतीं। इस पर युवती ने आपत्ति लेने वालों को अपने मोबाइल फोन पर कुछ दिखाया और पूछा कि- यही हैं आपके मंत्री ? यह देखने के बाद आपत्ति लेने वाले चुप हो गए।

...और यह बात भी आई सामने

बताया जा रहा है कि उक्त वीडियो साक्षी पांडेय के नाम से वायरल किया गया था। इसके चलते साक्षी पांडेय ने पत्र लिख कर और अपने ट्विटर हैंडल पर उक्त वीडियो को झूठा करार दिया है। साक्षी ने कहा है कि उन्हें सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्राप्त हुआ जिसे उनके नाम से वायरल किया गया जो सही नहीं है।

साक्षी ने एक वीडियो भी जारी किया जिसमें उन्होंने कहा है कि वायरल वीडियो उनकी व उनके परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने वीडियो वायरल करने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। 

वायरल वीडियो और युवती के आरोपों को लेकर उद्योग मंत्री दत्तीगांव से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। अभी तक इस बारे में उनका कोई अधिकृत बयान भी नहीं आया है। उनके समर्थकों की मानें तो यह विरोधियों की मंत्री की छवि बिगाड़ने की कोई साजिश भी हो सकती है।  

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।