अंधे कत्ल का खुलासा ! खेत की मेड़ के विवाद में किसान को उतारा था मौत के घाट, पुलिस ने 24 घंटे में महिला सहित 4 आरोपियों को दबोचा
रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र के ग्राम कोटड़ी में किसान राजेन्द्रसिंह डांगी की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। महिला सहित चार आरोपी गिरफ्तार, खेत की मेड़ विवाद और सामाजिक रंजिश बना कारण।
ग्राम कोटड़ी में हुई हत्या का खुलासा, महिला सहित चार आरोपी गिरफ्तार; सामाजिक रंजिश और जमीन विवाद बना हत्या की वजह
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के ताल थाना क्षेत्र के ग्राम कोटड़ी में हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। खेत की मेड़ को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद और सामाजिक रंजिश के चलते रची गई इस हत्या की साजिश का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 20 जून 2026 को फरियादी मनोहरसिंह डांगी, निवासी ग्राम कोटड़ी मंडावल ने थाना ताल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि उसके बड़े भाई राजेन्द्रसिंह डांगी 19 जून को ट्रैक्टर लेकर खेत पर हंकाई कार्य के लिए गए थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। अगली सुबह खेत पर उनका शव मिला। मृतक के सिर पर धारदार हथियार से गंभीर वार के निशान पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना ताल में अपराध क्रमांक 312/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसपी अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में एएसपी विवेक कुमार लाल एवं आलोट एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। जांच में साइबर सेल, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली गई। संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार पूछताछ और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
ये भी पढ़ें
अकेले मिला तो कर दी हत्या
पुलिस ने एक महिला सहित चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने अपराध कबूल कर लिया। उन्होंने स्वीकार किया कि खेत की मेड़ (सीमा) को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। साथ ही परिवार को समाज से बाहर किए जाने की रंजिश भी थी। इसी कारण उन्होंने 19 जून की शाम खेत पर अकेले मौजूद राजेन्द्रसिंह डांगी पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त कर आगे की पूछताछ और विवेचना जारी है।
ये चार आरोपी गिरफ्तार
- उमरावसिंह डांगी पिता नाथुजी डांगी (46 वर्ष), निवासी ग्राम कोटड़ी खारवा, थाना ताल।
- जितेन्द्र डांगी पिता उमरावसिंह डांगी (22 वर्ष), निवासी ग्राम कोटड़ी खारवा, थाना ताल।
- जगदीश डांगी पिता नाथुजी डांगी (42 वर्ष), निवासी ग्राम कोटड़ी खारवा, थाना ताल।
- भूलीबाई डांगी पति उमरावसिंह डांगी (42 वर्ष), निवासी ग्राम कोटड़ी खारवा, थाना ताल।
ये भी पढ़ें
ये भी पढ़ें
खुलासा करने में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
प्रकरण के त्वरित खुलासे में थाना ताल के थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाबी एवं उनकी टीम, थाना आलोट के निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम एवं टीम, थाना बरखेड़ाकला के निरीक्षक पतिराम डावरे एवं टीम तथा सायबर सेल रतलाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ये भी पढ़ें








