काश्यप विद्यापीठ के 28वें वार्षिकोत्सव में दिखी भारतीय संस्कृति की अनुपम छटा, मंत्री निर्मला भूरिया और चेतन्य काश्यप ने संस्कारों के संरक्षण को बताया जरूरी
काश्यप विद्यापीठ बदनावर का 28वां वार्षिकोत्सव ‘संस्कृति संगम’ थीम पर संपन्न हुआ। मंत्री निर्मला भूरिया और चेतन्य काश्यप ने संस्कारों के महत्व पर विचार रखे। विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों ने संस्कृति संगम थीम पर दी लोकनृत्य, गीत, नाटक और त्योहारों की मनमोहक प्रस्तुतियां
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय संस्कृति की विविधता, लोक परंपराओं की जीवंतता और नई पीढ़ी की प्रतिभाओं का अनूठा संगम शनिवार रात काश्यप विद्यापीठ, बदनावर के 28वें वार्षिकोत्सव में देखने को मिला। ‘संस्कृति संगम’ थीम पर आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों, गीतों, नाटकों और भारतीय त्योहारों पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महिला एवं बाल विकास कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य तथा एमएसएमई कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप की अध्यक्षता में आयोजित वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत से हुआ। अतिथियों का स्वागत राजीव गोरवाड़ा, नीता काश्यप, विपिन जैन एवं प्राचार्य नंदा व्यास ने किया। निर्णायक के रूप में उपस्थित मॉर्निंग स्टार स्कूल, रतलाम के निदेशक कार्ल लुइस वार्ड एवं हिमालय इंटरनेशनल स्कूल, रतलाम की प्राचार्य सोनल बाजपेयी भट्ट का स्वागत आर.एस. सिकरवार एवं यामिनी वर्मा ने किया। विद्यार्थी परिषद की ओर से स्कूल प्रेसिडेंट भवि गुगलिया, वाइस प्रेसिडेंट प्रियांशी पटेल, हेड गर्ल मिष्ठी संघवी एवं हेड बॉय देवव्रत राणावत ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। अतिथियों को सिद्धार्थ काश्यप, पूर्वी काश्यप, श्रवण काश्यप, अमी काश्यप एवं सारांश काश्यप ने स्मृति-चिह्न भेंट किए।
इस अवसर पर स्वर्गीय माताजी तेजकुंवर बाई काश्यप के प्रेरणादायी जीवन, व्यक्तित्व एवं आदर्शों पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री वीडियो का प्रदर्शन किया गया। प्राचार्य नंदा व्यास ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं वर्षभर की गतिविधियों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ‘देश रंगीला’, ‘आदिवासी भाया’ (मध्यप्रदेश), ‘ढोलिडा’ (गुजरात) एवं ‘कथक’ (उत्तर प्रदेश) जैसे लोकनृत्यों ने भारतीय संस्कृति की विविधता को मंच पर जीवंत कर दिया। वहीं रक्षाबंधन, दीपावली एवं होली पर आधारित प्रस्तुतियों ने त्योहारों के उल्लास के साथ प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश दिया।
एआई के दौर में शहर और गांव, सर्वत्र संस्कार बचाना जरूरी : निर्मला भूरिया
मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि नई पीढ़ी चाहे शहर में हो अथवा गांव में, एआई के दौर में संस्कारों को बचाए रखना बड़ी चुनौती है। इस दिशा में काश्यप विद्यापीठ सराहनीय प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध बढ़ रहे हैं। ऐसी स्थिति में माता-पिता को अधिक जागरूकता दिखानी होगी, क्योंकि कई बार बच्चे ऐसी परिस्थितियों में पहुंच जाते हैं, जहां माता-पिता भी असहाय हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पहले संयुक्त परिवारों में बच्चों की चिंता नहीं रहती थी, लेकिन अब एकल परिवारों में संस्कारों के संरक्षण के लिए समय रहते हर बात को देखना, जानना और जरूरी होने पर रोकना भी आवश्यक हो गया है। काश्यप परिवार शुरू से ही संस्कारों को बढ़ावा देने वाला रहा है।
निर्मला भूरिया ने कहा कि प्रदेश में एमएसएमई कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप उद्योगों के विकास के लिए जितना कार्य कर रहे हैं, उतना पहले किसी ने नहीं किया। इससे बच्चों का भविष्य बेहतर होगा। उनके द्वारा अपने फाउंडेशन के माध्यम से अहिंसा ग्राम की स्थापना, खेल चेतना मेला, प्रतिभा सम्मान और कुपोषण मुक्ति के लिए किए जा रहे प्रयास भी अभिनंदनीय हैं।
बच्चों का भविष्य बनाने में अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण : चेतन्य काश्यप
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे एमएसएमई कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि बच्चों का भविष्य बनाने में अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। प्रत्येक अभिभावक को प्रतिदिन एक मिनट बच्चों के बारे में सोचने की शुरुआत करना चाहिए, क्योंकि बदलते परिवेश और साधनों की बढ़ती उपलब्धता के बीच बच्चों को सही दिशा दिखाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में बच्चों में तनाव रहता है। इस तनाव से उन्हें कैसे मुक्त किया जाए और उनमें सहनशीलता कैसे विकसित हो, इसके लिए अभिभावकों को प्रयास करना होगा। उन्होंने वार्षिकोत्सव को भारत की अनुपम संस्कृति का प्रतीक बताते हुए कहा कि काश्यप विद्यापीठ ने सदैव शिक्षा के साथ संस्कारों को महत्व दिया है। काश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदीजी ने देश के युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा देने का आह्वान किया है। प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में इस दिशा में लगातार प्रयास हो रहे हैं। बदनावर के समीप पीएम मित्र पार्क की स्थापना से बच्चों का भविष्य उज्ज्वल होगा।
ये भी पढ़ें
वार्षिकोत्सव में विभिन्न आयु एवं कक्षा समूहों में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। नृत्य एवं अभिनय के क्षेत्र में विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित करते हुए अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह में सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार
प्री प्राइमरी ग्रुप (नर्सरी से एलकेजी): सर्वश्रेष्ठ नृत्य का प्रथम पुरस्कार ‘गुड़िया चिड़िया चांद चकोरी’ को मिला। सर्वश्रेष्ठ कलाकार श्रेणी में नर्सरी के शिवांश यादव ने प्रथम तथा एलकेजी की काव्या चौहान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
सब जूनियर ग्रुप (यूकेजी से कक्षा 2): सर्वश्रेष्ठ नृत्य का पुरस्कार ‘गिव मी ए बेल टू रींग’ को मिला। सर्वश्रेष्ठ कलाकार श्रेणी में नित्यश्री दीपक वाडिले प्रथम एवं पुष्पराज सिंह जाधव द्वितीय रहे।
सब जूनियर ग्रुप (कक्षा 3 से 5): सर्वश्रेष्ठ नृत्य का पुरस्कार ‘खुशियां बटोर लो’ को मिला। सर्वश्रेष्ठ कलाकार श्रेणी में कायरा नाहर ने प्रथम एवं आर्या झा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
जूनियर ग्रुप (कक्षा 6 से 8): सर्वश्रेष्ठ नृत्य का प्रथम पुरस्कार ‘धागों से बंधा रक्षाबंधन’ को मिला। सर्वश्रेष्ठ कलाकार श्रेणी में मेधावी गौड़ प्रथम एवं सौम्या पाटीदार द्वितीय रहीं।
सीनियर ग्रुप (कक्षा 9 से 12): सर्वश्रेष्ठ नृत्य श्रेणी में ‘आदिवासी भाया’ ने प्रथम, ‘बोलो तारा रारा’ ने द्वितीय एवं ‘राजस्थानी सावन’ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सर्वश्रेष्ठ कलाकार श्रेणी में सृष्टि सिंह प्रथम, प्रतीक हारोड़ द्वितीय एवं प्रशंस्वी पटेल तृतीय रहे।
नाटक प्रतियोगिता: सर्वश्रेष्ठ कलाकार का प्रथम पुरस्कार गौरवी पोरवाल एवं द्वितीय पुरस्कार आशी पाटीदार को प्रदान किया गया।
ये भी पढ़ें
2औद्योगिक विकास की नई इबारत ! रतलाम के पलसोड़ी में खुलेगा बायोइकोनॉमी एवं बायोमैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, 18 हजार करोड़ का निवेश और 25 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी भी सम्मानित
कक्षा 10वीं: मेधांश सोनी ने 96.2 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम, समीक्षा चोरड़िया ने 95.6 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा भूमिका पाटीदार एवं हर्ष शर्मा ने 95.4-95.4 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय: खुशी पाटीदार 86.8 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम, गीतिका राठौर 76.8 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय एवं सिद्धिका जैन 74.4 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं।
कक्षा 12वीं वाणिज्य संकाय: हिमाद्री चांडक ने 95.20 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम, अनिक धोका ने 93.80 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय एवं काव्या जैन ने 90.80 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
ये भी पढ़ें
2जावेद अख्तर का बड़ा बयान ! भगवान राम हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में हैं राम, चाहे मजहब कोई भी हो, राम व्यक्ति नहीं नैतिकता और जीवन जीने के तरीके का प्रतिनिधित्व करने वाला विचार हैं






