नवाचार ! कलेक्टर अजय कटेसरिया ने कन्या शिक्षा परिसर सैलाना को लिया गोद, 15 छात्रावासों में अधिकारियों को बनाया पालक अधिकारी
रतलाम जिले के 15 छात्रावासों में अधिकारियों को पालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर सैलाना को गोद लिया। विद्यार्थियों को विशेष मार्गदर्शन मिलेगा।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अच्छी पहल, शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास के साथ उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलेगा विशेष मार्गदर्शन
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले में जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित 15 छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नवाचार किया गया है। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने इन छात्रावासों को अधिकारियों को गोद देकर उन्हें पालक अधिकारी नियुक्त किया है। स्वयं कलेक्टर ने माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर सैलाना को गोद लिया है। इस पहल के तहत विद्यार्थियों को नियमित सुविधाओं के अतिरिक्त उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए विशेष मार्गदर्शन भी मिलेगा।
जिले में जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित ऐसे छात्रावास, जहां 100 या उससे अधिक विद्यार्थी निवासरत हैं तथा विशिष्ट संस्थाओं के छात्रावासों में यह नवाचार किया गया है। इसके तहत छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों को नियमित रूप से मिलने वाली सुविधाओं के अतिरिक्त विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों का शैक्षणिक, सामाजिक एवं व्यक्तिगत विकास सुनिश्चित करने के साथ ही उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
ये भी पढ़ें
जारी आदेश के अनुसार, एसपी अमित कुमार को बालक एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सैलाना का पालक अधिकारी बनाया गया है। सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन को कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सैलाना एवं वन मंडलाधिकारी डॉ. अनुभा त्रिवेदी को वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय सीनियर कन्या छात्रावास रतलाम (जिला स्तरीय उत्कृष्ट) का दायित्व सौंपा गया है।
सैलाना, बाजना और रतलाम के छात्रावासों की जिम्मेदारी
सैलाना अनुविभागीय अधिकारी सुनील जायसवाल को बालक एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बाजना, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी सुभाष जैन को राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह शासकीय संयुक्त सीनियर बालक छात्रावास रतलाम तथा रतलाम ग्रामीण अनुविभागीय अधिकारी आर्ची हरित को वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय सीनियर कन्या संयुक्त छात्रावास रतलाम का पालक अधिकारी बनाया गया है। सैलाना तहसीलदार प्रतिभा भाभर को कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बाजना का दायित्व सौंपा गया है।
ये भी पढ़ें
अन्य छात्रावासों के लिए भी नियुक्त किए गए पालक अधिकारी
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की निरीक्षक रश्मि तिवारी को अनुसूचित जाति महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास रतलाम तथा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की उप संचालक संध्या शर्मा को वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कन्या आश्रम रावटी का पालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। जनपद पंचायत सैलाना की प्रभारी सीईओ सुंदर खन्ना को वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कन्या आश्रम बेढदा, जिला शिक्षा अधिकारी सिमरन सूर्यवंशी को वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कन्या आश्रम शिवगढ़ तथा लोक निर्माण विभाग (भवन) के कार्यपालन यंत्री सचिन हरित को बालक क्रीड़ा परिसर बाजना का पालक अधिकारी बनाया गया है।
ये भी पढ़ें







