भाजपा सर्वस्पर्शी, सर्वग्राही और सर्वव्यापी, मतदान केंद्र स्तर पर पार्टी मजबूत करने के लिए कार्यकर्त्ता समर्पित हो, ताकि 51% मत का लक्ष्य पूरा हो सके

रतलाम में भाजपा का तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग शुक्रवार को शुरू हुआ। पहले दिन वक्ताओं ने पार्टी रीति-नीति पर प्रकाश डालने के साथ 51 फीसदी मत के अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया।

भाजपा सर्वस्पर्शी, सर्वग्राही और सर्वव्यापी, मतदान केंद्र स्तर पर पार्टी मजबूत करने के लिए कार्यकर्त्ता समर्पित हो, ताकि 51% मत का लक्ष्य पूरा हो सके
भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भाजपा सर्वस्पर्शी, सर्वग्राही और सर्वव्यापी पार्टी है। इसके विचार जन-जन तक पहुँचाना हर कार्यकर्ता का दायित्व है। मतदान केंद्र स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए हर कार्यकर्त्ता समर्पित हो ताकि 51 प्रतिशत मत का लक्ष्य पूरा किया जा सके। यह आह्वान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार को पार्टी के कार्यकर्ताओं से किया। वे तीन दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे।

जिला भाजपा मीडिया प्रभारी अरुण राव एवं सह प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया प्रशिक्षण वर्ग जयंत सेन धाम में आयोजित हो रहा है। इसका शुभारंभ डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता की तस्वीर पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर पार्टी के जिला प्रभारी श्यामसुन्दर शर्मा ने किया।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष के अलावा रतलाम शहर विधायक चेतन्य काश्यप, जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय तथा रतलाम ग्रामीण विधायक मंचासीन रहे। वर्ग के पहले दिन चार सत्र हुए जिसमें अलग-अलग वक्ताओं ने अलग-अलग विषयों पर विचार व्यक्त किए और कार्यकर्ताओं को उन पर अमल करने की सीख दी।

प्रथम सत्र : कार्यकर्ताओं को पार्टी व सरकार के हर कार्य की जानकारी होनी चाहिए- राजपूत

प्रथम सत्र की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ने की। पहले सत्र के मुख्य वक्ता भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह राजपूत ने "अपनी कार्य पद्धति और संगठन सहरचना में हमारी भूमिका" विषय पर संबोधित किया। उन्होंने कहा, कि- सतत्‌ सीखते रहना भाजपा कार्यकर्ता की पहचान है। पार्टी की शुरुआत विषम परिस्थितयों में हुई थी लेकिन कार्यकर्ताओं की अनथक मेहनत से आज भाजपा देश के कोने-कोने तक फैली हुई है। पार्टी को खड़ा करने में हमारे पूर्वजों का पसीना बहा है। अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति कि चिंता ही पार्टी का उद्देश्य वाक्य है। इसे हर कार्यकर्ता अमल कर रहा है। राजपूत ने कहा- भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो अपने कार्यकर्ताओं का निर्माण करती है। उन्होंने मतदान केन्द्र स्थल तक के कार्यकर्ताओं को पार्टी एवं सरकार के हर कार्य की जानकारी होने पर जोर दिया।

द्वितीय सत्र : मतदान केन्द्र पर जीत भाजपा का मूल मंत्र, इसे सार्थक करें- पांडेय

प्रशिक्षण वर्ग का दूसरा सत्र शहर विधायक चेतन्य काश्यप की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। मुख्य वक्ता जनअभियान परिषद्‌ के पूर्व उपाध्यक्ष प्रदीप पांडेय रहे। उन्होंने 'बदली परिस्थितयों में भाजपा का दायित्व व भाजपा वैशिष्ट्य की समझ' विषय पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि- देश में पिछले कुछ वर्षों के दौरान क्रांतिकारी परिवर्तन देखे गए हैं, जो भाजपा कार्यकर्ताओं के कारण ही संभव हुए हैं। भाजपा की नींव महापुरुषों के समर्पण से तैयार हुई है। इससे पूरी दुनिया में आज भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में जानी जा रही है।

पांडेय ने कहा कि मतदान केन्द्र पर जीत भाजपा का मूल मंत्र है। इसे सार्थक करने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरे समर्पण से कार्य करना होगा। भाजपा विचार का चिंतन करनी वाली पार्टी है व्यक्ति के पीछे चलने वाली पार्टी नहीं है। पार्टी कार्यकर्ताओं को गर्व होना चाहिए कि वे दुनिया के सबसे बड़े दल के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्यकर्ताओं के समर्पण से समाज सशक्त होगा और अंतिम व्यक्ति का उत्थान सुनिश्चित होगा।

तृतीय सत्र : अंत्योदय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक दुबे ने आत्मनिर्भर भारत पर डाला प्रकाश

प्रशिक्षण सत्र का तीसरा सत्र जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय की अध्यक्षता में हुआ। मुख्य वक्ता अंत्योदय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक रामेश्वर दुबे रहे। उन्होंने "आत्मनिर्भर भारत" विषय पर संबोधित किया। दुबे ने देश के विकास के लिए सरकारों द्वारा किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

चौथा सत्र : डॉ. चिंतामणि ने 2014 के बाद आए युगांन्तकारी परिवर्तन पर रखी बात

चौथा सत्र ग्रामीण विधायक की अध्यक्षता में हुआ। मुख्य वक्ता प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. चिंतामणि मालवीय ने "2014 के बाद आया युगान्तकारी परिवर्तन (पैराडाइम शिफ्ट)" विषय पर संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हुए कार्यों एवं उनसे पार्टी को मिले विस्तार पर प्रकाश डाला।

सीडीएस रावत, दिवंगत सैनिकों व प्रदेश सह संगठन मंत्री माथुर को श्रद्धांजलि दी

सभी सत्रों के समापन पर देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनके साथ दिवंगत हुए सैनिकों तथा संघ के वरिष्ठ प्रचारक व प्रदेश सह संगठन महामंत्री भगवतशरण माथुर को श्रद्धांजलि दी गई। इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत जिला महामंत्री निर्मल कटारिया, प्रदीप उपाध्याय, संगीता चारेल व जिला उपाध्यक्ष ओपेन्द्रसिह यादव ने किया। सत्रों का संचालन जिला उपाध्यक्ष महेश सोनी ने किया। वर्ग में प्रदेश कार्य समिति सदस्य अशोक पोरवाल, के. के. सिंह कालूखेड़ा, निमिष व्यास सहित भाजपा जिला कार्यसमिति, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री और सभी अपेक्षित जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारीगण मौजूद रहे।