पहले अवैध कॉलोनी काटी, निर्माण तोड़ा तो इस पर हुआ खर्च भी नहीं चुकाया, आयुक्त ने 15 कॉलोनाइजरों पर FIR के लिए लिखा पत्र, देखें सूची

रतलाम नगर निगम आयुक्त ने शहर की 6 अवैध कॉलोनियों के 15 कॉलोनाइजरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस को पत्र लिखा है। कॉलोनाइजरों ने पहले बिना अनुमति निर्माण किया और प्रशासन ने उन्हें तोड़ा तो उसका खर्च भी नहीं चुकाया।

पहले अवैध कॉलोनी काटी, निर्माण तोड़ा तो इस पर हुआ खर्च भी नहीं चुकाया, आयुक्त ने 15 कॉलोनाइजरों पर FIR के लिए लिखा पत्र, देखें सूची

नगर निगम आयुक्त ने दीनदयालनगर और स्टेशन रोड थाना प्रभारियों को लिखा पत्र

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर के अवैध कॉलोनाइजरों की मुसीबत कम होती नजर नहीं आ रही है। नगर निगम आयुक्त ने 6 अवैध और बिना अनुमति विकसित कॉलोनियों के 15 कॉलोनाइजरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के लिए थाना प्रभारियों को पत्र लिखा है।

नगर निगम आयुक्त सोमनाथ झारिया ने स्टेशन रोड तथा दीनदयालनगर थाना प्रभारियों को पत्र लिखा है। इसमें 15 कॉलोनाइजरों के विरुद्ध नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 के प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज करने की अनुशंसा की गई है। कॉलोनाइजरों पर आरोप है कि उनके द्वारा अवैध कॉलोनी का निर्माण करवाया गया। थाना प्रभारियों को कॉलोनी विकास की अनुमति के बिना अवैध रूप से कॉलोनी निर्माण करने पर मध्यप्रदेश नगर पालिका (कॉलोनइजर का रजिस्ट्रीकरण, निर्बधन तथा शर्तें) नियम 1998 के अन्तर्गत अवैध कॉलोनाइजेशन के तहत एफआईआर दर्ज करने के लिए पत्र लिखा है।

अवैध निर्माण तोड़ने की राशि भी जमा नहीं कराई

ज्ञातव्य है कि नगर में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों पर लगाम लगाने को लेकर कलेक्टर व नगर निगम प्रशासक कुमार पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए हैं। इसके चलते निगम आयुक्त झारिया के मार्गदर्शन में उक्त कॉलोनियों के अवैध निर्माण तोड़े गए। निगम द्वारा अवैध निर्माण तोड़ने पर 15 हजार रुपए प्रति घन्टे के मान से राशि वसूलने के लिए कॉलोनाइजर को नोटिस जारी किए गए थे।  कॉलोनाइजरों ने उक्त राशि अब तक जमा नहीं कराई है।

कॉलोनाइजर जिनके विरुद्ध होगी और इन्होंने कहा किया था अवैध निर्माण

  1. तेजसिंह-शंभुसिंह निवासी धभाई जी का वास द्वारा बजरंग नगर में 1.387 हैक्टेयर में।
  2. शिवनारायणअशोक-मांगीलाल राठौर निवासी 52/1-रामगढ़ द्वारा कनेरी रोड पर 2.75 हैक्टयर में।
  3. धन्नालाल-बालाराम पाटीदार निवासी कनेरी रोड द्वारा कनेरी रोड पर 0.960 हैक्टयर में।
  4. राधाबाई पति मनोहरलाल शर्मा, राकेश पिता मनोहरलाल, विशाल पिता मनोहरलाल शर्मा निवासी शुभम् रेसीडेंसी द्वारा कनेरी रोड पर 1.890 हैक्टेयर में।
  5. मुजीब-इनामुर्रहमान निवासी अशोक नगर, अशरफ-अब्दुल कलाम बेलिम, अब्दुल वहीद-अब्दुल कलाम निवासी मोहन टॉकिज, बालकृष्ण-रामनारायण निवासी पिपलोदिया द्वारा अशोक नगर के पीछे 0.489 हैक्टेयर में।
  6. सुमित-बंशीलाल गांधी, राजेश-बाबूलाल कटकानी निवासी पोरवाड़ों का वास, पंकज-शांतिलाल श्रीमाल निवासी बाजना बस स्टैण्ड व अरुणा-विजेन्द्र पितलिया निवासी गुलमोहर कॉलोनी द्वारा धोलावाड़ रोड पर 1.125 हैक्टयर में।