सावधान ! आपका जन्म प्रमाण पत्र भी तो नहीं है फर्जी, वरना हो जाएगी जेल, पुलिस ने 200 रुपए में फर्जी प्रमाण पत्र बनाने वाले सहित दो लोगों को किया गिरफ्तार

स्टेशन रोड पुलिस ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के मामले में एक एमपी ऑनलाइन के संचालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

May 23, 2025 - 22:24
 0
सावधान ! आपका जन्म प्रमाण पत्र भी तो नहीं है फर्जी, वरना हो जाएगी जेल, पुलिस ने 200 रुपए में फर्जी प्रमाण पत्र बनाने वाले सहित दो लोगों को किया गिरफ्तार
फर्जी जन्म प्रमाम पत्र बनाने के मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी रोहित दुबेला और बाबूलाल गुर्जर को गिरफ्तार किया है।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । अगर आपने किसी काम के लिए जन्म प्रमाण पत्र दिया है और यदि वह फर्जी है तो आपको जेल हो सकती है। शहर की स्टेशन रोड पुलिस ने बाजना बस स्टैंड क्षेत्र के एमपी ऑनलाइन शॉप के संचालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। शॉप संचालक 200-200 रुपए में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बना कर दे रहा था।

स्टेशन रोड पुलिस के अनुसार सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक की ओर से एक रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। इसमें बताया गया कि बापूलाल पिता रामाजी गुर्जर नामक व्यक्ति द्वारा अपनी बेटी का जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया है, जिसे सत्यापन के लिए जन्म मृत्यु पंजीयन कार्यालय में प्रस्तुत किया गया था। जांच में प्रमाण पत्र असत्य होकर कूटरचित होना पाया गया है। वह फर्जी है। इसके आधार पर स्टेशन रोड थाने पर पर धारा 336(3), 337 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

एमपी ऑनलाइन पर बन रहे फर्जी प्रमाण-पत्र

मामला एसपी अमित कुमार के संज्ञान में लाया गया तो उन्होंने एएसपी राकेश खाखा एवं सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक स्वराज डाबी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस तारतम्य में स्टेशन रोड पुलिस ने फर्जी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने वाले बापूलाल पिता रामाजी से पूछताछ की। बापूलाल ने पुलिस को बताया कि उसने पुत्री के जन्म प्रमाण पत्र 200 रुपए देकर दीनदयाल नगर शनि मंदिर के पास एक दुकान से बनवाया था।

कम्प्यूटर, लैपटॉप जब्त

पुलिस ने जानकारी निकाली तो प्रमाण पत्र बाजना बस स्टैंड रतलाम स्थित तनिष्क MP online के संचालक रोहित पिता रघुनाथ दुबेला द्वारा बनाए जाने का पता चला। पुलिस ने उक्त दुकान पर दबिश दी तो वहां कम्प्यूटर में अन्य जन्म प्रमाण पत्र भी मिले। पुलिस ने आरोपी रोहित दुबेला और बाबूलाल गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से कम्प्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर आदि जब्त किए गए हैं। कार्रवाई में निरीक्षक डाबी के अलावा उप निरीक्षक जितेंद्र कनेश, राजू मखोड़, आरक्षक स्नेह पाल और धीरेन्द्र शामिल रहे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।