रेल राज्‍य मंत्री दानवे ने रतलाम मंडल के गोधरा-रतलाम खंड पर दो ROB व दाहोद स्‍टेशन पर FOB का किया शिलान्यास

रतलाम रेल मंडल के दाहोद रेलवे स्टेशन पर एफओबी और दाहोद-पिपलोद रेलखंड पर दो आरओबी की आधारशिला रखी गई। आधारशिला केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रावसाहेब दादाराव पाटिल दानवे ने रखी।

रेल राज्‍य मंत्री दानवे ने रतलाम मंडल के गोधरा-रतलाम खंड पर दो ROB व दाहोद स्‍टेशन पर FOB का किया शिलान्यास
रेल राज्य मंत्री दानवे पिपलोद में आरओबी की आधारशिला की पट्टिका का अनावरण करते हुए।

एसीएन टाइम्स @ दाहोद / रतलाम । केंद्रीय रेल, कोयला और खान मंत्री रावसाहेब दादाराव पाटिल दानवे ने पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के गोधरा-रतलाम खंड पर विभिन्न ढांचागत संरचनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने दो रेल ओवर ब्रिज और एक फूट ओवर ब्रिज का शिलान्यास किया। इस अवसर पर सांसद जसवंतसिंह भाभोर एवं पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (प्रभारी) प्रकाश बुटानी सहित अन्य अतिथि एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित ठाकुर के अनुसार केन्‍द्रीय रेल राज्‍य मंत्री ने पिपलोद यार्ड में समपार सं. 28 और पिपलोद-लिमखेड़ा खंड में समपार सं. 32 के स्‍थान पर बनने वाले नए आरओबी और दाहोद स्टेशन पर एक नए एफओबी का शिलान्‍यास किया। समपार सं.- 28 पर नए आरओबी का निर्माण इनकॉन द्वारा एकल इकाई आधार पर साझा लागत से 40.23 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा।

पिपलोद-लिमखेड़ा खंड के बीच एलसी-32 के स्थान पर नए आरओबी का निर्माण 43.40 करोड़ रुपए की लागत से होगा। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल का गोधरा-नागदा खंड महत्वपूर्ण मुंबई-दिल्ली राजधानी मार्ग में स्थित है। इसे 160 किमी प्रति घंटे के लिए तैयार किया जा रहा है। इन आरओबी के निर्माण से दोनों समपारों को बंद किया जाना संभव हो सकेगा। इससे कार्य को गति मिलेगी। यह यात्रियों की संरक्षा में सुधार के साथ-साथ सड़क यातायात को सुगम बनानेगा। नए आरओबी से रेल परिवहन में समयपालनता और गति को सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। ये आरोबी सड़क और रेल दोनों से यात्रा करने वालों की संरक्षा भी सुनिश्चित करेंगे। इनसे आस-पास के इलाकों के लोगों को भी बेहतर सड़क संपर्क का लाभ मिलेगा।

2.5 करोड़ से बनेगा दाहोद स्टेशन का एफओबी

रेल राज्य मंत्री दानवे दाहोद स्टेशन पर नए एफओबी के लिए भूमि पूजन करते हुए।

ठाकुर ने बताया दाहोद स्टेशन पर नए एफओबी का निर्माण लगभग 2.5 करोड़ रुपए की लागत से होगा। यह प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2 और 3 के साथ-साथ नए प्लेटफॉर्म क्रमांक 4 को जोड़ेगा। दाहोद स्टेशन रतलाम मंडल के महत्वपूर्ण स्टेशनों में से एक है। भविष्य में नई दाहोद-इंदौर ब्रॉडगेज लाइन के पूरा होने से यह स्टेशन यात्रियों की बड़ी संख्या को सेवा प्रदान करेगा। इस नए एफओबी के बनने से मौजूदा एफओबी पर दबाव कम होगा और स्टेशन पर प्लेटफॉर्म बदलने की अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। नया एफओबी यात्रियों की संरक्षा भी बढ़ाएगा।

रेल अधिकारियों की बैठक ली

केन्‍द्रीय रेल राज्य मंत्री रावसाहेब दादाराव पाटिल दानवे दाहोद कारखाने में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (प्रभारी) प्रकाश बुटानी और अन्य वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक लेते हुए।

ठाकुर के असार रेल राज्य मंत्री दानवे ने दाहोद कारखाने में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (प्रभारी), रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, रोलिंग स्टॉक कारखाना, दाहोद के मुख्य कारखाना प्रबंधक और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक भी की। दानवे ने पिपलोद स्टेशन पर कार्यक्रम के बाद स्थानीय मीडियाकर्मियों से बातचीत की।