MP में मोहन ‘राज’ शुरू : PM नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में डॉ. मोहन यादव ने CM और जगदीश देवड़ा व राजेंद्र शुक्ल ने ली डिप्टी CM पद की शपथ

मप्र के नए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा तथा राजेंद्र शुक्ल ने पीएम नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में पद और गोपनीयता की शपथ ली। बिना किसी औपचारिकता और भाषण के समारोह 10 मिनट में संपन्न हो गया।

MP में मोहन ‘राज’ शुरू : PM नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में डॉ. मोहन यादव ने CM और जगदीश देवड़ा व राजेंद्र शुक्ल ने ली डिप्टी CM पद की शपथ
मध्य प्रदेश में मोहन राज शुरू।

एसीएन टाइम्स @ भोपाल । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उज्जैन दक्षिण के विधायक डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को शपथ ग्रहण की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई विशेष अतिथियों की उपस्थिति में हुए समारोह में उप मुख्यमंत्री के तौर पर मल्हारगढ़ के विधायक जगदीश देवड़ा और रीवा के राजेंद्र शुक्ल ने भी शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही प्रदेश में मोहन ‘राज’ शुरू हो गया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी सहित सभी अतिथि छत्तीसगढ़ में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए रवाना हो गए।

प्रदेश की नई सरकार के मुखिया और दोनों उप मुख्यमंत्रियों की शपथ के लिए भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में समारोह आयोजित किया गया था।  महज 10 मिनट चले समारोह में पहले डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री पद की और उसके बाद जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने उप मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ प्रदेश से राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने दिलाई।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, मप्र के नवनिर्वाचित विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ भाजपा नेता, प्रतिष्ठित हस्तियां और बुद्धिजीवी मंच पर मौजूद रहे।

समारोह के बाद सभी अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यंत्री विष्णुदेव साय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए रायपुर रवाना हो गए। बता दें कि, भाजपा ने मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीटों में से 163 सीटें हासिल कर शानदार जनादेश हासिल किया, जबकि कांग्रेस 66 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही।

एयरपोर्ट पर अतिथियों का हुआ स्वागत

इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, उत्तराखंड के पुष्कर धामी, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह, मेघालय के मुख्यमंत्री कोंराड संगमा, महाराष्ट्र उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस, अजीत पवार एवं नागालैण्ड के उप मुख्यमंत्री वाय. पैटन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित सभी विशेष अतिथियों का एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मनोनीत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आदि ने स्वागत किया।

ये रहे मौजूद

समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी. एल. संतोष, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्तेपूर्व गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रापूर्व मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रमुख साधु-संत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल हुए। पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन के साथ आरंभ हुए शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव वीरा राणा ने किया। समापन पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन के साथ हुआ।

शपथ से पहले लिया हनुमान जी का आशीर्वाद

डॉ. मोहन यादव ने सुबह शपथ ग्रहण समारोह से पहले भोपाल के खटलापुरा हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां पूजा-अर्चना कर प्रभु से आशीर्वाद लिया। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने मीडिया से कहा कि पीएम मोदी भोपाल पहुंचने वाले हैं। मैं उनका स्वागत करने के लिए तैयार हूं। पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सभी मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री आ रहे हैं। यह एक ऐतिहासिक दिन है। बता दें कि, मोहन यादव 2013 में पहली बार उज्जैन दक्षिण सीट से विधायक चुने गए थे। उन्होंने 2018 और फिर 2023 में विधानसभा सीट बरकरार रखी।

मोदी के पोस्टर और कटआउट से पटा भोपाल

मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के चलते भोपाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर और कटाउट से पट गया। शहर में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, मनोनीत सीएम मोहन यादव और राज्य भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के कटआउट लगाए गए।

मध्य प्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना लक्ष्य- राजेंद्र शुक्ला

राजेंद्र शुक्ला ने उप मुख्यमंत्री की शपथ लेने से पहले कहा कि मध्य प्रदेश के लोगों और पार्टी ने मुझे यह मौका दिया है। मेरी प्राथमिकता हमारी विकास परियोजनाओं की गति को दोगुना करना रहेगा। उन्होंने कहा कि हम तीन क्षेत्रों- उद्योग, पर्यटन और कृषि में काम करेंगे। हमारा लक्ष्य मध्य प्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। इससे पहले शुक्ल की बेटी ऐश्वर्या ने खुशी जताते हुए कहा कि मुझे पता था कि मेरे पिता को अच्छी पोस्ट मिलेगी। मुझे लगता है कि उनका विशेष ध्यान शिक्षा पर होगा।

प्रदेश को समृद्धि व विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे यादव- शिवराज

निवर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को मीडिया से कहा कि ‘आज 11:30 बजे मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि वे प्रदेश की समृद्धि और विकास को और जनता के कल्याण को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। मैं उनको शुभकामनाएं देता हूं।’ शिवराज सिंह चौहान ने शहर के स्मार्ट पार्क में पौधारोपण भी किया।