25 मई को शाम 7 से रात 9 बजे तक प्रदेश के किसी पंप पर नहीं मिलेगा पेट्रोल और डीजल, जानिए- क्या इसकी वजह

25 मई को शाम सात से रात नौ बजे तक प्रदेश के किसी भी पंप पर पेट्रोल व डीजल नहीं मिलेगा। पेट्रोलियम पदार्थ के डीलरों द्वारा यह सांकेतिक हड़ताल केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाने से हुए नुकसान की भरपाई नहीं होने से की जा रही है।

25 मई को शाम 7 से रात 9 बजे तक प्रदेश के किसी पंप पर नहीं मिलेगा पेट्रोल और डीजल, जानिए- क्या इसकी वजह
मप्र में 25 मई को दो घंटे रहेगी पेट्रोल-डीजल डीलरों की सांकेतिक हड़ताल।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । पेट्रोल और डीजल को लेकर सरकार की नीति से असंतुष्ट प्रदेशभर के पेट्रोलियम पदार्थ के डीलरों ने 25 मई को सांकेतिक हड़ताल का ऐलान किया है। इस दिन शाम सात से रात 9 बजे तक प्रदेश के किसी भी पंप से पेट्रोल और डीजल नहीं बेचा जाएगा। अगर सरकार ने डीलरों की मांग पर ध्यान नहीं दिया तो देशव्यापी हड़ताल को लेकर भी बैठकों का दौर जारी है।

‘द रतलाम डिस्ट्रिक्ट पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन’ ने मप्र शासन के मुख्य सचिव के नाम संबोधित एक सूचना पत्र मंगलवार को अपर कलेक्टर एम. एल. आर्य को सौंपा। इसमें एसोसिएशन ने 25 मई को दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल की सूचना दी गई है। इसके अनुसार रतलाम जिले सहित प्रदेश के सभी डीजल-पेट्रोल पंप शाम 7.00 से रात 9.00 बजे तक बंद रहेंगे। इस दौरान कोई भी डीलर पेट्रोल-डीजल नहीं बेचेगा। एसोसिएशन के अनुसार प्रदेश के डीलरों द्वारा अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन राज्य स्तरीय समन्वयक कार्यकारी निदेशक इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड को प्रेषित किया जा चुका है। सूचना पत्र देने के दौरान एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष मुबारिक आर.आर. खान, जयंत वोरा, चेतन पटेल, बाबू कोठारी, अंकलेसरिया आटोमोबाइल के सेठिया सहित अन्य डीलर मौजूद रहे।

इमरजेंसी सेवाएं नहीं होंगी बाधित

हड़ताल का सूचना पत्र देने के दौरान अपर कलेक्टर आर्य ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों से प्रशासन सहित अन्य इमरजेंसी सेवाओं के लिए ईंधन की आपूर्ति बाधित नहीं होने की देने के लिए कहा। इस पर एसोसिएशन की ओर से आश्वस्त किया गया कि इमरजेंसी सेवाएं किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होंने दी जाएंगी।

एक्साइज ड्यूटी घटाने से प्रत्येक पंप को हुआ 2.50 लाख रुपए तक का नुसकान

द रतलाम डिस्ट्रिक्ट पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मुबारिक आर.आर. खान ने एसीएन टाइम्स को बताया उक्त हड़ताल केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाने से हुए नुकसान के चलते की गई है। खान के अनुसार प्रदेश में सभी डीलर्स के पास पेट्रोल और डीजल का जो स्टॉक था उस पर पूर्व में ही एक्साइज ड्यूटी चुकाई जा चुकी थी। केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी कम करने की घोषणा वाले दिन ही देर रात पेट्रोल-डीजल की नई कीमतें लागू करने का ऐलान कर दिया गया था। इससे डीलर को एक्साइज ड्यूटी पेड पेट्रोल-डीजल कम दाम पर बेचना पड़ा। इससे प्रदेश के लगभग प्रत्येक डीलर को कम से कम 2.50 लाख रुपए तक का नुकसान हुआ। इसकी भरपाई को लेकर अभी तक सरकार ने कोई नीति स्पष्ट नहीं की है। 4 एवं 5 नवंबर को भी एक्साइज ड्यूटी घटाने से डीलरों को काफी नुकसान उठाना पड़ा था।

100 से अधिक पंप हैं जिले में, मुश्किल हो गया है व्यवसाय

एसोसिएशन अध्यक्ष खान के अनुसार मप्र में लगभग 6 हजार पंप हैं जिसमें से 100 से ज्यादा रतलाम जिले के हैं। खान ने बताया वर्तमान में पेट्रोल-डीजल का व्यवसाय काफी मुश्किल हो गया है। आलम यह है कि रिलायंस ने तो पेट्रोल-डीजल की सप्लाई ही बंद कर दी है। नतीजतन अधिकतर पंप बंद हो चुके हैं। इसी तरह एस्सार कंपनी ने राशनिंग व्यवस्था लागू कर दी है। पंप को कंपनी उतना ही पेट्रोल-डीजल उपलब्ध करा रही है जितना वहां पिछले महीने में बिका।