राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग स्पर्धा में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी सम्मानित, आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हुआ आयोजन

रतलाम के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग स्पर्धा में मप्र का प्रतिनिधित्व किया। इसके लिए खिलाड़ियों का विधायक चेतन्य काश्यप एवं महापौर प्रहलाद पटेल द्वारा सम्मान किया गया।

Aug 18, 2022 - 16:33
 0
राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग स्पर्धा में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी सम्मानित, आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हुआ आयोजन
सम्मान समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज लेकर स्केटिंग करते खिलाड़ी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में रतलाम रोलर स्केटिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में रोलर स्केटिंग के खिलाड़ियों ने हाथ में तिरंगा थाम बेहतरीन प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में विनर वर्ल्ड क्लास द्वारा प्रशिक्षित यूसीमास के विद्यार्थी भी हाथ में तिरंगा लेकर पथ संचलन करते दिखे। मुख्य अतिथि विधायक चेतन्य काश्यप और महापौर प्रहलाद पटेल रहे। मंच पर क्रीड़ा भारती जिला अध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया, जिला क्रीड़ा अधिकारी आरसी तिवारी, रतलाम रोलर स्केटिंग एसोसिएशन अध्यक्ष रीतेश वोहरा मौजूद थे।

इस मौके पर विधायक काश्यप ने कहा कि स्केटिंग के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु बेहतर स्थान उपलब्ध कराए जाने के लिए संत कवर राम नगर में पहली स्केटिंग रिंग बन रही है। इससे रतलाम के खिलाड़ियों को और बेहतर सुविधा मुहैया होगी। आजादी का 75 वां वर्ष मनाने के बाद हमें 100वें वर्ष में पहुंचना है। अगले 25 साल गति के साल होंगे। आज की दुनिया गति से चलना चाहती है। स्केटिंग उसी का उदाहरण है।

स्मृति चिह्न भेंट कर किया सम्मानित

स्केटिंग की राष्ट्रीय स्पर्धा में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करके रतलाम का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को विधायक चेतन्य काश्यप एवं महापौर प्रहलाद पटेल ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इनमें लक्ष्य वोहरा, तनिष्का दवे, निकुंज सोनी, वरुण राठौर, रूद्र सुरोलिया, मेघा सिंह के साथ ही खेल प्रशिक्षक अब्दुल रशीद खान, मदन गायकवाड़, हार्दिक कुरवरा, प्रदीप पंवार, नरेंद्र राव, वीरेंद्र गुर्जर, रईस खान, भूपेंद्र राठौड़ शामिल रहे। आरंभ में स्वागत भाषण रीतेश वोहरा ने दिया। संचालन जय तलेरा ने किया। आभार नरेंद्र राव ने माना।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।