रतलाम कलेक्टर का निर्देश : चैक पोस्ट पर हर वाहन चैक करें और संदेहास्पद वस्तु पर कार्रवाई करें, लेकिन कोई अनावश्यक परेशान न हो

रतलाम कलेक्टर राजेश बाथम ने रतलाम जिले की अन्य जिलों से लगी सीमाओं पर स्थित चैक पोस्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने चैक पोस्ट से गुजरने वाले हर वाहन को चैक करने का निर्देश दिया।

Apr 20, 2024 - 22:03
 0
रतलाम कलेक्टर का निर्देश : चैक पोस्ट पर हर वाहन चैक करें और संदेहास्पद वस्तु पर कार्रवाई करें, लेकिन कोई अनावश्यक परेशान न हो
चैक पोस्ट पर निरीक्षण के दौरान गुजरने वाले वाहनों की जानकारी का रजिस्टर चैक करते कलेक्टर राजेश बाथम एवं मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी से पूछताछ करते एसपी राहुल कुमार लोढ़ा।

प्रतापगढ़ और मंदसौर जिले से लगी चैकपोस्ट का कलेक्टर राजेश बाथम ने किया निरीक्षण

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश बाथम ने शनिवार को जिले से लगने वाली सीमाओं पर स्थापित की गई चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्विघ्न लोकसभा निर्वाचन के लिए जिले की अंतर राज्य तथा अंतर जिला सीमाओं पर चैक पोस्ट स्थापित की गई हैं जहां स्थैतिक निगरानी दल तथा फ्लाइंग स्क्वाड निरंतर नजर रख रहे हैं। कलेक्टर के साथ एसपी  राहुल कुमार लोढ़ा, अपर कलेक्टर आर. एस. मण्डलोई तथा अन्य अधिकारी भी थे।

कलेक्टर बाथम ने राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले से लगने वाली सुखेड़ा चैक पोस्ट एवं पिपलौदा के आगे जालंधरखेड़ा तथा मंदसौर जिले से लगने वाली माननखेड़ा चैक पोस्ट का निरीक्षण किया। यहां तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल को निर्देशित किया कि गुजरने वाले प्रत्येक वाहन की सघन चैकिंग की जाए परंतु अनावश्यक रूप से कोई व्यक्ति परेशान नहीं हो। कोई भी संदेहास्पद वस्तु या सामग्री पाई जाने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया जाए और नियम अनुसार दस्तावेजी कार्रवाई की जाए। तैनात निगरानी दल सतर्कता तथा गंभीरता के साथ कार्य करें।

कलेक्टर द्वारा सभी चैक पोस्ट पर सीसीटीवी कैमरा की स्थापना, रात्रि में उचित प्रकाश व्यवस्था आदि महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्देशित किया गया। एसपी राहुल कुमार लोढ़ा द्वारा भी पुलिस बल को आयोग के निर्देश अनुसार की जाने वाली कार्रवाइयों के संबंध में दिशा निर्देशित किया गया।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।