लाडलियों ने देवास में जानी दूध, सोयाबीन और राशन पैकेजिंग और वितरण की प्रक्रिया, सीएम शिवराज को दिया धन्यवाद

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर रतलाम की चार लाडली लक्ष्मियों को देवास के विभिन्न प्लांटों का भ्रमण कराया गया।

May 15, 2023 - 23:22
 0
लाडलियों ने देवास में जानी दूध, सोयाबीन और राशन पैकेजिंग और वितरण की प्रक्रिया, सीएम शिवराज को दिया धन्यवाद
देवास भ्रमण के लिए पहुंची लाडली लक्ष्मियां।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम  कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में जिले में 09 मई से 15 मई के मध्य लाडली लक्ष्मी उत्सव मनाया गया। इस दौरान अनेक गतिविधियों का आयोजन किया। इसी तारतम्य में जिले की चार लाडली लक्ष्मियों को देवास का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्होंने दूध, सोयाबीन और राशन से जुड़े प्लांट का अवलोकन कर पैकेजिंग और वितरण व्यवस्था समझी।

 राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशानुसार सोमवार को रतलाम जिले के ग्रामीण क्षेत्र से चयनित चार लाडली बालिकाओं को संभाग स्तरीय भ्रमण हेतु देवास भेजा गया था। दल में लाडली बालिका टीना पिता नटवर सिंह (10वीं) सालाखेड़ी, दीप्ति पिता अशोक (12वीं) नामली तथा निशा पिता फकीरचन्द (10वीं) आदि सम्मिलित रहीं। इनके साथ प्रभारी पर्यवेक्षक रेखा व्यास परियोजना रतलाम ग्रामीण-02 व पर्यवेक्षक पिंकी खेड़े परियोजना रतलाम ग्रामीण भी साथ थीं। बालिकाओं को सर्वप्रथम सौरभ दूध डेयरी प्लांट देवास का भ्रमण करवाया गया। यहां पर बालिकाओं ने दूध एकत्रीकरण व पैकेजिंग की प्रक्रिया समझी। तत्पश्च्यात टेक होम राशन के खटांबा प्लांट का अवलोकन कर राशन की पैकेजिंग व वितरण व्यवस्था जानी। अंत में सोयाबीन प्लांट का भ्रमण करवाया गया। यहां संग्रहण, संधारण व डिस्ट्रीब्यूशन की जानकारी ली।

लाडली बालिकाओं ने इस भ्रमण के लिए अपने मामा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ही बालिकाओं के ज्ञानवर्धन के ले अन्य जिले में भ्रमण की व्यवस्था की गई थी। भ्रमण में उज्जैन संभाग के अन्य जिलों से चयनित बालिकाएं भी शामिल थीं।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।