भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला के पिता विष्णुप्रसाद शुक्ला (बड़े भैया) का निधन, शुक्रवार को होगा अंतिम संस्कार

  भाजपा के कद्दावर नेता विष्णुप्रसाद शुक्ला का निधन हो गया। वे कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला के पिता थे। शुक्ला के निधन से ब्राह्मण समाज में शोक की लहर है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला के पिता विष्णुप्रसाद शुक्ला (बड़े भैया) का निधन, शुक्रवार को होगा अंतिम संस्कार
विष्णु प्रसाद शुक्ला (वरिष्ठ भाजपा नेता)

एसीएन टाइम्स @ इंदौर । भाजपा के वरिष्ठ नेता विष्णुप्रसाद शुक्ला (बड़े भैया) का गुरुवार को इंदौर में निधन हो गया। 86 वर्षीय शुक्ला कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय शुक्ला तथा राजेंद्र शुक्ला के पिता थे। उनके निधन से ब्राह्मण समाज को बड़ी क्षति हुई है। वे कान्यकुब्ज समाज और सर्वब्राह्मण संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके निधन पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शोक व्यक्त किया है।

मध्यप्रदेश भाजपा के शेर कहलाने वाले विष्णु प्रसाद शुक्ला का गुरुवार शाम को निधन हो गया। उन्होंने इंदौर के बाणगंगा स्थित अपने निवास पर अंतिम सांस ली। विष्णु बडे़ और बड़े भैया के नाम से पहचाने जाने वाले शुक्ला के पुत्र संजय ने हाल ही में कांग्रेस के टिकट पर इंदौर महापौर का चुनाव लड़ा। इस चुनाव में भाजपा के पुष्यमित्र भार्गव विजयी रहे। जानकारी के अनुसार कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला कांग्रेस प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल होने भोपाल गए थे। जैसे ही पिता के निधन का समाचार मिला वे इंदौर रवाना हो गए। दिवंगत का शुक्ला का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा। इससे पूर्व सुबह में उनकी पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास पर रखा जाएगा। इसी पुष्टि विधायक संजय शुक्ला के पीए सुनील अग्रवाल ने की।

80 के दशक में दो बार दो बार चुनाव लड़े बड़े भैया

बड़े भैया का जन्म 1937 में जानापाव के पास हुआ था। जनसंघ की विचारधारा से प्रभावित शुक्ला भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे। उन्हें भाजपा ने 1980 के दशक में इंदौर से दो बार टिकट दिया। इसमें से एक बार वे मिल क्षेत्र से चुनाव लड़े थे। हालांकि वे जीत नहीं पाए। वे आपातकाल के दौरान 19 माह तक जेल में भी रहे थे। विष्णु बड़े पूर्व सांसद डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय के काफी नजदीकी रहे।

मुख्यमंत्री व अन्य ने दी श्रद्धांजलि

विष्णु बड़े के निधन पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कमलनाथ ने कहा कि विधायक संजय शुक्ला के पिताजी विष्णुप्रसाद शुक्ला के निधन का दुखद समाचार मिला। परिवार के प्रति शोक संवेदनाएँ। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान व पीछे परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।