पोरवाल महासभा अधिवेशन : देश के विकास में पोरवाल समाज का योगदान अतुलनीय है- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
अखिल भारतीय पोरवाल महासभा का अधिवेशन कोटा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इसमें रतलाम जिले के जावरा निवासी कोषाध्यक्ष अशोक सेठिया को सेवा शिखर पुरुष सम्मान से नवाजा गया।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । अखिल भारतीय पोरवाल महासंघ (रजि.) दिल्ली का 76वां अधिवेशन अखिल भारतीय पद्मावती पोरवाल महासभा कोटा के आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन की अध्यक्षता महासंघ के संरक्षक आर. पी. गुप्ता (कोटा) ने की। मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं विशेष अतिथि कोटा के विधायक संदीप शर्मा थे।
इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि कोई भी व्यक्ति या समाज जाति से बड़ा नहीं होता बल्कि वो बड़ा होता है इस बात से कि उस समाज का देश के विकास में कितना योगदान है। पोरवाल समाज एक ऐसा समाज है जिसका प्रत्येक कर्म देशहित में होता है, देश के विकास में पोरवाल समाज का योगदान अतुलनीय है। यही वजह है कि पोरवाल समाज आज सभी समाजों में प्रतिष्ठित है। मैं पोरवाल समाज से काफी करीब से जुड़ा हुआ हूँ और बड़े ही गर्व से कह सकता हूँ कि मैं एक देश सेवा, सत्य, न्याय के मार्ग पर चलने वाले समाज से जुड़ा हूँ। मैं आशा करता हूँ कि पोरवाल समाज हमेशा देश के विकास में इसी प्रकार योगदान देता रहेगा। अधिवेशन को विधायक संदीप शर्मा ने भी संबोधित किया।
इससे पूर्व अतिथियों ने मां सरस्वती, गणेश एवं आराध्य देव राजा टोडरमल के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित किया। महिला मंडल के नेतृत्व में सामूहिक पोरवाल ध्वज वन्दन हुआ। अ. भा. पोरवाल महासंघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत कोटा महासभा के अध्यक्ष नरेन्द्र गुप्ता, महामंत्री धनराज गुप्ता ने किया और महासंघ का प्रतीक चिह्न भी भेंट किया। अधिवेशन शुरुआत महामंत्री गौरव गुप्ता (दिल्ली) ने की। कार्यवाहक पदेन अध्यक्ष आर. पी. गुप्ता ने स्वागत भाषण दिया एवं महासंघ की उपलब्धियों एवं विकास यात्रा पर प्रकाश डाला।
कोषाध्यक्ष सेठिया ने पेश किया आय-व्यय का ब्यौरा, सेवा शिखर पुरुष अवॉर्ड मिला
कोषाध्यक्ष अशोक सेठिया जावरा ने सत्र 2021-2024 के आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए महासंघ की आवश्यकता एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर समाजरत्न इतिहासकार स्व. मनोहरलाल पोरवाल (जावरा) की स्मृति में अवॉर्ड (वर्ष 2021) एवं (वर्ष 2022) ओमप्रकाश गुप्ता (कोटा) एवं जगदीश चैधरी (मंदसौर) को प्रदान किया गया। 2021-2024 के पदाधिकारी अध्यक्ष देवेन्द्र गुप्ता (उ. प्र.), महामंत्री गौरव गुप्ता (दिल्ली) एवं कोषाध्यक्ष अशोक सेठिया (जावरा) को सेवा के शिखर पुरुष सम्मान अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। संपादक अशोक सेठिया एवं सहयोगी राजेश धनोतिया ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के करकमलों से स्मारिका-2024 का विमोचन करवाया। मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष बिरला को पोरवाल इतिहास ग्रंथ भेंट किया गया।
वर्ष 2025-27 की कार्यकारिणी का हुआ निर्वाचन
महासंघ के 9वें कार्यकाल (सत्र 2025-27) के चुनाव भी हुए। इसमें अध्यक्ष नरेन्द्र गुप्ता (कोटा), महामंत्री योगेन्द्र गंगराड़े (खण्डवा), कोषाध्यक्ष गणपतलाल गुप्ता (कुक्षी), महिला मंत्री लक्ष्मीदेवी गुप्ता (इंदौर), प्रचार मंत्री देवीलाल फरक्या (सुवासरा), स्वास्थ मंत्री शिवकुमार संघवी (देवास) चुने गए।
देश की 6 महासभाओं के प्रतिनिधि हुए शामिल
अधिवेशन में देश की 6 महासभाओं के 260 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जावरा से राजेश धनोतिया, अशोक पोरवाल व सुधीर सेठिया उपस्थित रहे। संचालन मनोज गुप्ता (कोटा) ने किया। आभार महासंघ महामंत्री गौरव गुप्ता (दिल्ली) एवं धनराज गुप्ता (कोटा) ने माना।