पंजीयन विभाग का सर्वर ठीक फिर सर्विस प्रोवाइडर कर रहे हड़ताल, प्रॉपर्टी ब्रोकर बोले- प्रशासन अपने सर्विस प्रोवाइडर खड़े करे तो मिल सकती है राहत

सर्विस प्रोवाइडर की हड़ताल के कारण लोग और प्रॉपर्टी ब्रोकर रजिस्ट्री नहीं करवा पा रहे हैं। सर्वर की खराबी दूर हेने के बाद भी हड़ताल जारी होने से लोग परेशान हैं।

पंजीयन विभाग का सर्वर ठीक फिर सर्विस प्रोवाइडर कर रहे हड़ताल, प्रॉपर्टी ब्रोकर बोले- प्रशासन अपने सर्विस प्रोवाइडर खड़े करे तो मिल सकती है राहत
पंजीयन विभाग।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । पहले लोग और प्रॉपर्टी ब्रोकर्स पंजीयन विभाग के सर्वर की खराबी के कारण परेशान थे और अब सर्विस प्रोवाइडर की हड़ताल के कारण। सर्वर ठीक हो चुकी है फिर भी सर्विस प्रोवाइडर हड़ताल पर अड़े हैं। प्रॉपर्टी बोर्कर्स का कहना है कि अगर जिला प्रशासन अपने स्तर पर सर्विस प्रोवाइडरों को खड़ा कर दे तो लोगों को राहत मिल सकती है।

कुछ दिन पूर्व पंजीयन विभाग का सर्वर खराब होने से सर्विस प्रोवाइडरों को लोगों की जमीनों और संपत्तियों की रजिस्ट्री संपादित करवाने में दिक्कत आ रही थी। इसके चलते विधायक चेतन्य काश्यप से हस्तक्षेप की गुहार लगाई गई थी। विधायक काश्यप ने इस संबंध में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा से बात की। इसके बाद विभाग हरकत में आया और सर्वर की खराबी दूर करने की कवायद शुरू हो गई। सर्वर की खराबी दूर हो चुकी है जिसकी पुष्टि जिला पंजीयक अमरेश नायडू ने एसीएन टाइम्स से चर्चा में की है।

...फिर भी सर्विस प्रोवाइडर हड़ताल पर अड़े

सर्वर ठीक नहीं होने पर सर्विस प्रोवाइडरों द्वारा हड़ताल करने की चेतावनी दी गई थी। यही नहीं उन्होंने हड़ताल शुरू भी कर दी लेकिन अब जब कि सर्वर ठीक हो चुका है तब भी वे हड़ताल वापस लेने को तैयार नहीं हैं। सर्विस प्रोवाइडर का तर्क है कि उन्होंने सांकेतिक हड़ताल करने और अन्य सर्विस प्रोवाइडर को सहयोग देने का वादा किया था इसलिए हड़ताल वापस नहीं ले सकते। बता दें कि पूर्व में सर्वर की खराबी के कारण सर्विस प्रोवाइडर का रुपया ट्रांसफर करने के दौरान अटक जाता था। यह पैसा रिफंड नहीं होने के कारण सर्विस प्रोवाइडर परेशान थे।

संपत्ति खरीदने-बेचने वाले परेशान

सर्विस प्रोवाइडर की हड़ताल के कारण लोगों की रजिस्ट्री नहीं हो पा रही हैं। इससे प्रॉपर्टी ब्रोकर्स भी परेशान हैं। चूंकि इस दौरान 60 से 70 तक रजिस्ट्री होना सामान्य बात है इसलिए प्रॉपर्टी ब्रोकर्स का कहना है कि यदि अभी रजिस्ट्री नहीं होंगी तो उनका लोड आगामी दिनों पर बढ़ता जाएगा।

प्रशासन ऐसे दे सकता है राहत

सर्वर ठीक होने के बाद भी सर्विस प्रोवाइडर की हड़ताल समझ से परे है। ऐसे में कलेक्टर अपने स्तर पर सर्विस प्रोवाइडर खड़े कर लोगों को होने वाली परेशानी से राहत दे सकते हैं। कलेक्टर यदि सिर्फ 5 वकील भी खड़े कर दें तो काम हो जाएगा। इससे आजमन को पंजीयन विभाग के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

नीलेश सोनी, प्रवक्ता- रतलाम जिला प्रॉपर्टी ब्रोकर एसोसिएशन

जावरा सहित अन्य जगहों पर हो रहीं रजिस्ट्री

महापंजीयक ने भी बताया है कि सर्वर की समस्या ठीक होते ही समस्या का समाधान हो जाएगा। जावरा में कल काफी रजिस्ट्रियां हुई हैं। अन्य स्थानों पर भी समस्या दूर हो गई है। यहां सर्विस प्रोवाइडर्स को समझाइश दी थी लेकिन उनका कहना है कि उन्होंने सांकेतिक हड़ताल का ऐलान किया था इसलिए कर रहे हैं। इस हड़ताल से सरकार को किसी प्रकार के राजस्व की हानि नहीं है किंतु रजिस्ट्री जरूर पेंडिंग हो जाती हैं।

अमरेश नायडू, जिला पंजीयक- पंजीयक विभाग, मप्र शासन

यह भी पढ़ें... पंजीयन विभाग के सर्वर की समस्या दूर करने के लिए विधायक काश्यप की पहल, वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री देवड़ा से की बात