कुछ घंटे और इंतजार : शिवराज भैया रतलाम की 2 लाख 38 हजार से अधिक लाडली बहनों के खातों में अंतरित करेंगे ‘आत्म सम्मान’ और अपना प्यार

मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों को आत्म सम्मान मिलने की घड़ी नजदीक आ चुकी है। रतलाम जिला प्रशासन ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। 10 जून को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सभी बहनों के खाते में एक साथ एक-एक हजार रुपए राशि अंतरित करेंगे।

Jun 9, 2023 - 21:36
Jun 9, 2023 - 21:37
 0
कुछ घंटे और इंतजार : शिवराज भैया रतलाम की 2 लाख 38 हजार से अधिक लाडली बहनों के खातों में अंतरित करेंगे ‘आत्म सम्मान’ और अपना प्यार
लाड़ली बहना योजना।

इस दिन को यादगार तथा ऐतिहासिक बनाने के लिए शाम को वार्डों और पंचायतों में एक साथ होंगे कार्यक्रम

लाडली बहनें घर-घर दीप जलाकर करेंगी अपनी खुशी का इज़हार

एसीएन टाइम्स @ रतलाम  लाडली बहनों, हो जाइये तैयार क्योंकि अब शेष है कुछ घंटों का इंतजार। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यानी आपके ‘शिवराज भैया’ प्रदेश की सभी बहनों के बैंक खातों में एक साथ भेजेंगे आपका ‘आत्म सम्मान’ और अपना प्यार। यह खास दिन यादगार बनाने के लिए पंचायतों और शहर के वार्डों में विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इस खास मौके के लिए कई बहनों ने हाथों में मेहंदी रचाई है तो कई घर-घर दीप रोशन करने की तैयारी भी कर चुकी हैं। आखिर, आप कैसे जाहिर करने वाली हैं यह खुशी।

पूरे प्रदेश के साथ रतलाम जिले की लाडली बहनों के लिए भी 10 जून का दिन ऐतिहासिक और यादगार होने वाला है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत जिले की 2 लाख 38 हजार से अधिक लाडली बहनों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से एक-एक हजार रुपए (यानी कुल 23 करोड़ 80 लाख रुपए) की राशि अंतरित करेंगे। योजना एक सामाजिक क्रांति का सूत्रपात करने जा रही है। यह योजना देश में अपने तरह की पहली और अनूठी योजना है।

इस योजना का क्रियान्वयन प्रभावी और सुव्यवस्थित रूप से समयबद्ध कार्यक्रम के अनुसार किया जा रहा है। इस दिवस को भव्य बनाने के लिए कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में जिले में व्यापक तैयारियां की गई हैं। शहरी वार्डों के साथ ही ग्राम पंचायतों में भी इस दिन शाम को स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में एक साथ कार्यक्रम होंगे। इनमें मुख्यमंत्री चौहान जबलपुर से वर्चुअली जुड़ेंगे।

पीले चावल देकर किया आमंत्रि, बहनों ने रचाई मेहंदी

जिले की लाड़ली बहनों को कार्यक्रमों में सम्मिलित होने के लिए 9 जून को भी पीले चावल देकर निमंत्रण दिया गया। लाड़ली बहनों ने भी मुख्यमंत्री चौहान के प्रति आभार व्यक्त करने और अपनी खुशियों की अभिव्यक्ति के लिए अपने-अपने स्तर पर व्यापक तैयारियां की हैं। कई लाडली बहनों ने अपने हाथों में मेंहदी रचाकर इन कार्यक्रमों में पहुंचने के लिए तैयारियां की है।

भजन और लोकगीत गाए, रंगोली भी बनाई

महिलाओं ने गांव-गांव में एकत्रित होकर भजन और लोकगीत भी गाकर अपनी खुशियां मनाई हैं। इन कार्यक्रमों में सामाजिक सौहार्द और समरसता का बेहतर उदारहण भी प्रस्तुत किया गया। महिलाओं ने 10 जून के कार्यक्रम के लिए लाड़ली बहना की थीम पर आकर्षक रांगोलियां भी बनाई हैं। जिले में शाम ढलते ही कार्यक्रम समाप्ति के पश्चात बहनों की घर-घर दीप जलाने की तैयारी है। आतिशबाजी भी होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम और लोकगीत भी प्रस्तुत किए जाएंगे। सेल्फी पाइंट, नुक्कड़ नाटक की व्यवस्था भी रखी गई है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।