एक्शन मोड में नए कलेक्टर ! आलोट के तहसील और जनपद कार्यालय पहुंचे IAS कटेसरिया, खुद ई-ऑफिस चलाकर परखी व्यवस्था, लंबित मामलों पर जताई सख्ती

रतलाम कलेक्टर अजय कटेसरिया ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आलोट तहसील और जनपद पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। ई-ऑफिस व्यवस्था खुद संचालित कर परखी और लंबित राजस्व व न्यायालयीन मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

एक्शन मोड में नए कलेक्टर ! आलोट के तहसील और जनपद कार्यालय पहुंचे IAS कटेसरिया, खुद ई-ऑफिस चलाकर परखी व्यवस्था, लंबित मामलों पर जताई सख्ती
नवागत कलेक्टर अजय कटेसरिया ने आलोट तहसील कार्यालय पहुंच कर व्यवस्थाएं जांची।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर अजय कटेसरिया ने शुक्रवार को आलोट तहसील और जनपद पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिर्फ फाइलों की समीक्षा तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि ई-ऑफिस प्रणाली को स्वयं कंप्यूटर पर संचालित कर कार्यप्रणाली भी परखी। राजस्व और न्यायालयीन मामलों में लंबित प्रकरणों पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। वहीं विकास कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

कलेक्टर कटेसरिया सबसे पहले आलोट तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने ई-ऑफिस व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं कंप्यूटर पर लॉगिन कर डिजिटल कार्यप्रणाली को समझा और अधिकारियों से इसके उपयोग एवं प्रभावशीलता की जानकारी ली। इसके बाद रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए न्यायालयीन प्रकरणों, निर्वाचन कार्यों और राजस्व मामलों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार लाने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें

इसके बाद कलेक्टर जनपद पंचायत आलोट पहुंचे, जहां विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानी और सुदूर संपर्क सड़क परियोजनाओं के पूर्ण एवं लंबित कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर तय गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरे किए जाएं।

सेवाओं के प्रभावी, पारदर्शी व जनोन्मुखी बनाने पर जोर

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, एसडीएम सोनकर तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासनिक सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुख बनाना है। इसके लिए आम नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

ये भी पढ़ें

जावरा एसडीएम कार्यालय का भी किया निरीक्षण

आलोट के निरीक्षण के बाद कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जावरा स्थित एसडीएम कार्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने अभिलेखागार, कोर्ट कैश और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों के रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था की तैयारियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं और कार्यालयीन कार्यों के संचालन, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, जावरा एसडीएम तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें