कांग्रेस की चेतावनी ! मंत्री विजय शाह को किसी भी सूरत में नहीं करने देंगे ध्वजारोहण, देश की बेटी का अपमान करने वाले को नहीं हटाना भाजपा की दादागिरी
रतलाम में ध्वजारोहण के लिए आने वाले मंत्री विजय शाह का काफी विरोध हो रहा है। कांग्रेस ने मंत्री शाह का पुतला फूंका और उन्हें ध्वजारोहण नहीं करने देने की चेतावनी दी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । स्वतंत्रता दिवस पर रतलाम जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में ध्वजारोहण के लिए कैबिनेट मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री विजय शाह का का नाम तय हुआ है। इसका रतलाम में जबरदस्त विरोध हो रहा है। कांग्रेस ने लगातार दूसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि देश की बेटी और महिला अधिकारी का अपमान करने वाले व्यक्ति को किसी भी सूरत में ध्वजारोहण नहीं करने देंगे। पार्टी ने अब तक शाह को मंत्री पद से नहीं हटाए जाने को भाजपा की दादागिरी बताया है।
रतलाम शहर और ग्रामीण कांग्रेस ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में काली पट्टी बांध कर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। शहर अध्यक्ष महेंद्र कटारिया ने ज्ञापन का वाचन कर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव को दिया। इसमें रतलाम जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में मंत्री विजय शाह को ध्वजारोहण नहीं करने देने की मांग की। शहर और ग्रामीण कार्यकर्ताओं ने आधे घंटे तक विजय शाह के खिलाफ नारे लगाए। 'ईश्वर अल्लाह तेरे नाम भाजपा को व विजय शाह को सद्बुद्धि दे भगवान' प्रार्थना भी की।
नहीं करने देंगे ध्वजारोहण
शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया का कहना है कि मंत्री विजय शाह ने भारतीय सेना की महिला अधिकारी और देश की बेटी कर्नल सोफिया कुरेशी को लेकर भद्दी टिप्पणी की। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद भाजपा सरकार ने मंत्री शाह को अब तक पद से नहीं हटाया है। यह सरकार और पार्टी की दादागिरी है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि कांग्रेस किसी भी सूरत में मंत्री विजय शाह के हाथों से रतलाम में ध्वजारोहण नहीं होने देंगे।
मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए
पूर्व महापौर पारस सकलेचा ने कहा कि भाजपा को विजय शाह को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर देना चाहिए, उसकी जगह झंडा वंदन का इनाम देकर रतलाम की जनता का अपमान किया जा रहा है। कार्यकारी जिला अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने इस निर्णय को शर्मनाक बताया की स्वतंत्रता दिवस का झंडा वह व्यक्ति फहराये, जिस पर सेना के अपमान को लेकर सुप्रीम कोर्ट गंभीर टिप्पणी कर चुकी हो।
पुतला भी फूंका
ज्ञापन देने से पहले ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बाजना बस स्टैंड पर मंत्री शाह का पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस ने पुतला छीनने की भी कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हो पाई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतले को आग के हवाले कर दिया।
महिलाओं ने उड़ाए थे काले गुब्बारे
बता दें कि, बुधवार को शहीद चौक पर शहर महिला कांग्रेस ने भी मंत्री विजय शाह द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण करने को लेकर विरोध जताया था। महिला कांग्रेस का कहना है कि विजय शाह ने महिला सैनिकों के लिए भद्दी टिप्पणी करना सभी माताओं-बहनों का अपमान है। अनेक बेटे-बेटियों ने देश के लिए कुर्बानी दी। 15 अगस्त को तिरंगा फहराते समय ऐसे देशभक्तों को याद करते हैं। महिला कांग्रेस ने काली पट्टी बांधकर तथा काले गुब्बारे आसमान की ओर छोड़े थे और विजय शाह के पोस्टर भी जलाया था।
ये शामिल हैं विरोध करने वालों में
मंत्री शाह का विरोध करने वालों में थांदला विधायक वीरसिंह भूरिया, पूर्व महापौर पारस दादा, नजमा बेलूत, रेखा सोलंकी, महेंद्र कटारिया, शैलेन्द्र सिंह अठाना, मंसूर अली पटौदी, रश्मि महोलिया, जायदा खान, आंचल सोलंकी, कमलेश चौहान, मुमताज खान, आयशा कुरैशी, खेरून्निशा ‘मोटी चाची’, सारिका, कुंती जाटव, इक्का बेलूत, इकरार चौधरी, अमर सिंह शेखावत सहित अन्य शामिल रहे।