दिव्यांग बच्चों ने बांधे रक्षा सूत्र, मिला अपनत्व का उपहार, 2 दिव्यांग्य बच्चों को शिक्षा के लिए मिली 30 हजार की सहायता
रतलाम में दिव्यांग विद्यालय के बच्चों ने श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी में सामूहिक रक्षाबंधन मनाया। रक्षा सूत्र बांधने के साथ दो बच्चों की शिक्षा व गणवेश के लिए 30 हजार रुपये की सहायता दी गई।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रक्षाबंधन का पर्व जब रिश्तों की औपचारिकता से आगे बढ़कर अपनत्व और समानता का संदेश बन जाए, तो उसकी सार्थकता और बढ़ जाती है। इसी भाव को साकार करते हुए रतलाम जन चेतना परिषद द्वारा संचालित दिव्यांग विद्यालय के विद्यार्थियों ने अरविंद मार्ग स्थित श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी के खालसा सभागृह में सामूहिक रक्षाबंधन पर्व मनाया। दिव्यांग बच्चों ने एकेडमी के विद्यार्थियों को रक्षा सूत्र बांधे, आरती की और भाई-बहन के स्नेहपूर्ण रिश्ते का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पद्मश्री डॉ. लीला जोशी, परिषद अध्यक्ष एम.एल. दुबे, पूर् प्राचार्य ओमप्रकाश मिश्र, श्री गुरु तेग बहादुर शैक्षणिक विकास समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हरजीत सिंह चावला, सचिव अजीत छाबड़ा, प्राचार्य डॉ. रेखा शास्त्री एवं प्रधान अध्यापिका कविता पंत ने मां सरस्वती तथा श्री गुरु तेग बहादुर जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
रक्षा सूत्र के साथ मिला रिश्ते और जिम्मेदारी का भाव
सामूहिक रक्षाबंधन के दौरान दिव्यांग बच्चों ने एकेडमी के विद्यार्थियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर आरती की। इसके बाद भाइयों ने बहनों को उपहार प्रदान किए और उनकी रक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने दिव्यांग बच्चों के साथ आत्मीयता और समानता के भाव को अनुभव किया। सबसे प्रेरक पक्ष यह रहा कि श्री गुरु तेग बहादुर शैक्षणिक विकास समिति की ओर से दो दिव्यांग बच्चों की शिक्षा एवं गणवेश के लिए 30 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। यह सहयोग केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बच्चों की शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी बना।
ये भी पढ़ें
सामाजिक करोसारों पर दिया जोर
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हरजीत सिंह चावला ने अपने उद्बोधन में सामाजिक सरोकारों और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में समिति कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह वाधवा, सहसचिव हरजीत सलूजा, प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह भामरा, कार्यकारिणी सदस्य सतपाल सिंह डंग, धर्मेंद्र गुरुदत्ता, बलजीत खनूजा, गगनदीप सिंह डंग, गुरविंदर खालसा सहित विद्यालय एवं समिति के पदाधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। संचालन एकता भट्ट एवं प्रीत कौर भामरा ने किया।
ये भी पढ़ें








